पटना से अजीत की रिपोर्ट
राजधानी पटना के पटेल भवन स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. एक सफेद रंग की निजी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पुलिस अधिकारियों की कई सरकारी गाड़ियों में पीछे से जा घुसी. सबसे पहले कार ने पटना के सार्जेंट मेजर की स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का पिछला दाहिना चक्का ब्लास्ट हो गया और तेज धमाके की आवाज पूरे परिसर में गूंज उठी. हादसे में तीन से चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कार चालक भी घायल हो गया.
तेज रफ्तार में आई कार, एक्सीलेटर दबने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पश्चिमी इलाके की ओर से फ्लाईओवर उतरकर पूर्व दिशा की ओर आ रही निजी कार अचानक अनियंत्रित हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय गलती से एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार तेज रफ्तार में पटेल भवन के प्रवेश मार्ग की ओर बढ़ी और सड़क किनारे खड़ी सरकारी गाड़ियों से जा टकराई.
सार्जेंट मेजर की स्कॉर्पियो से शुरू हुई टक्करों की श्रृंखला
बेकाबू कार सबसे पहले सार्जेंट मेजर की स्कॉर्पियो से पीछे से टकराई. टक्कर के कारण स्कॉर्पियो का पिछला बंपर पूरी तरह उखड़ गया और दाहिना पिछला चक्का ब्लास्ट हो गया. इसके बाद स्कॉर्पियो आगे खड़ी ट्रैफिक डीएसपी-1 की सरकारी गाड़ी से टकराई. फिर वह वाहन ट्रैफिक डीएसपी-5 की गाड़ी से जा भिड़ा. हादसे की चपेट में पास में खड़ी एक पत्रकार की मोटरसाइकिल भी आ गई. लगातार हुई टक्करों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घायल चालक 10 मिनट तक कार में ही बैठा रहा
हादसे के बाद निजी कार का चालक करीब 10 मिनट तक वाहन के अंदर ही बैठा रहा. उसके नाक और मुंह में चोट लगी थी. वह रुमाल से चेहरा ढके हुए था और दर्द के कारण बाहर नहीं निकल पा रहा था. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लगातार उसे बाहर आने के लिए कहते रहे. बाद में उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के दौरान मचा हड़कंप
घटना के समय पटेल भवन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक चल रही थी. बैठक में शामिल अधिकारियों के सरकारी वाहन सड़क किनारे खड़े थे. तेज धमाके की आवाज सुनते ही पुलिसकर्मी और आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. अचानक हुई इस घटना से पूरे पुलिस मुख्यालय परिसर में हड़कंप मच गया.
यातायात प्रभावित, पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना के कारण बेली रोड पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिसकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया. सूचना मिलने पर शास्त्री नगर थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम भी पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त निजी कार को जब्त कर लिया है. घायल चालक को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोने या ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दबाने की आशंका जताई जा रही है. मामले की जांच जारी है.
