Patna News : पटना जिले के मनेर नगर परिषद क्षेत्र स्थित पड़ावपर उच्च विद्यालय परिसर में पटना पुलिस की ओर से शनिवार को छात्र-छात्राओं के साथ संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सुरक्षा, अधिकारों और आपातकालीन सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी.
छात्राओं को निर्भीक होकर पढ़ाई करने का दिया संदेश
कार्यक्रम में मनेर थाना की प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर दीपिका कुमारी, कांस्टेबल कोमल कुमारी और सब इंस्पेक्टर तुफैल खान ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया. पीएसआई दीपिका कुमारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है. उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को निर्भीक होकर स्कूल-कॉलेज आने और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया.
112 और महिला हेल्प डेस्क की दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी, उत्पीड़न या अन्य समस्या होने पर छात्राएं महिला हेल्प डेस्क या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें. पुलिस तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगी. इस दौरान विद्यार्थियों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर गंभीरता से चर्चा की गई.
छात्रों और पुलिस के बीच बढ़ा विश्वास
कार्यक्रम में प्राचार्य रामरतन प्रसाद, शिक्षक संजय कुमार, डॉ. विल्फ्रेड हेनरी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं. अधिकारियों ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम छात्रों और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करने तथा सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
