पटना से अजीत कुमार की रिपोर्ट
Patna Patliputra Township: शनिवार को जदयू विधायक सह बिहार विधानसभा के सचेतक अरुण मांझी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पाटलिपुत्र टाउनशिप परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. विधायक ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों के हितों की रक्षा और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की मांग की.
टाउनशिप परियोजना को लेकर किसानों में असमंजस
अरुण मांझी ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रस्तावित पाटलिपुत्र टाउनशिप परियोजना को लेकर मसौढ़ी, पुनपुन, धनरूआ, फुलवारी शरीफ और फतुहा के किसानों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अपनी जमीन और भविष्य को लेकर किसानों के मन में कई तरह की आशंकाएं हैं, जिसके कारण क्षेत्र में विरोध और चिंता का माहौल देखने को मिल रहा है।
खेती-किसानी और आजीविका पर पड़ रहा असर
विधायक ने कहा कि इन क्षेत्रों के अधिकांश किसान वर्षों से खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं. लेकिन परियोजना को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से किसानों की चिंता बढ़ रही है. इसका असर खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है और कई किसान आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने दिया किसानों को भरोसा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधायक अरुण मांझी को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और उनकी समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाएगा.
पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलावा
मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को विधायक अरुण मांझी के साथ सोमवार को वार्ता के लिए बुलाया है. इस बैठक में किसानों की समस्याओं को सीधे सुना जाएगा और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी.
विकास और किसानों के हित में संतुलन जरूरी
अरुण मांझी ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पाटलिपुत्र टाउनशिप परियोजना और किसानों के हित दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि बातचीत और आपसी सहमति के माध्यम से ऐसा रास्ता निकलेगा, जिससे विकास कार्य भी आगे बढ़े और किसानों के हित भी सुरक्षित रहें.
डीएम और मुख्य सचिव से भी करेंगे मुलाकात
विधायक ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने पटना के जिलाधिकारी और बिहार के मुख्य सचिव से भी समय मांगा है. दोनों अधिकारियों से मुलाकात का समय मिल चुका है और जल्द ही किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
किसानों से की धैर्य बनाए रखने की अपील
अरुण मांझी ने क्षेत्र के किसानों से घबराने की बजाय संयम बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते वे किसानों की हर समस्या को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर समाधान निकालने का हरसंभव प्रयास करेंगे.
ALSO READ: पटना के बिहटा में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, प्रेम प्रसंग से जुड़े तनाव की आशंका
