Patna: पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र में पिछले साल मार्च में मिली सिर कटी लाश के मामले का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है. करीब एक साल तक चली जांच के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. इस मामले में एक विवाहित महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक आरोपी अभी भी फरार है.
एसपी ने क्या बताया
सिटी एसपी परिचय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 18 मार्च 2025 को परसा बाजार इलाके में एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. शव की पहचान नहीं हो पा रही थी, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम बनाई गई थी.
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान जहानाबाद जिले के महादेव साव के रूप में की. महादेव साव के लापता होने की शिकायत पहले ही जहानाबाद के नगर थाना में दर्ज कराई गई थी.
क्या कहानी सामने आई
पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, वह काफी चौंकाने वाली थी. बताया गया कि पुष्पा कुमारी नाम की एक विवाहित महिला के कई लोगों से संबंध थे, जिनमें महादेव साव भी शामिल था. किसी तरह महादेव को महिला के दूसरे संबंधों की जानकारी मिल गई. इसके बाद उसने महिला का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करने लगा.
महादेव की इस हरकत से परेशान होकर महिला ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. उसने अपने देवर आलोक और प्रेमी सनी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. इस योजना में एक और व्यक्ति को भी शामिल किया गया. चारों ने मिलकर महादेव साव की गला रेतकर हत्या कर दी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पूछताछ में क्या बोले आरोपी
हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को परसा बाजार के सुथवा इलाके में फेंक दिया था. पुलिस ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त जानकारी के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया सीएनजी टेंपो, मृतक का मोबाइल फोन और अन्य सबूत भी बरामद किए हैं.
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है. फिलहाल फरार एक अन्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में 30-40 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा, 15 से ज्यादा जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
नीतीश के निशांत की राजनीति में एंट्री, पप्पू यादव बोले- विरासत बचाने में होंगे कामयाब
