पटना: पेपरलेस रजिस्ट्री के विरोध में कातिबों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, दो दिनों में सिर्फ 9 रजिस्ट्री

मसौढ़ी में पेपरलेस और डिजिटल जमीन रजिस्ट्री व्यवस्था के खिलाफ कातिबों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही. कातिब अपनी भूमिका और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं.

Patna News : पेपरलेस और डिजिटल जमीन रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में मसौढ़ी निबंधन कार्यालय के कातिबों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही. कातिबों के हड़ताल पर रहने से जमीन-मकान की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज तैयार करने का काम प्रभावित हुआ. हालांकि, निबंधन कार्यालय में रजिस्ट्री का काम जारी रहा और सोमवार व मंगलवार को कुल नौ दस्तावेजों का निबंधन हुआ.

भूमिका और आजीविका सुरक्षित करने की मांग

कातिब नई व्यवस्था में दस्तावेज नवीसों की भूमिका स्पष्ट करने, अलग यूजर आईडी और डिजिटल हस्ताक्षर की सुविधा देने तथा उनकी आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि वे डिजिटल व्यवस्था के विरोध में नहीं हैं, लेकिन दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया से कातिबों की भूमिका पूरी तरह खत्म नहीं की जानी चाहिए.

साइबर धोखाधड़ी और संपत्ति हेराफेरी की जतायी आशंका

कातिबों ने ओटीपी आधारित पहचान और पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया को लेकर साइबर धोखाधड़ी तथा संपत्ति की हेराफेरी की आशंका भी जतायी है. उनका कहना है कि नयी व्यवस्था लागू होने से इस पेशे से जुड़े लोगों की आजीविका प्रभावित होगी. इसलिए सरकार को डिजिटल निबंधन व्यवस्था लागू करने से पहले कातिबों की भूमिका और अधिकार को लेकर स्पष्ट प्रावधान करना चाहिए.

17 अगस्त से शुरू हुई पेपरलेस रजिस्ट्री

मसौढ़ी की सब रजिस्ट्रार अमृता कुमारी ने बताया कि 17 अगस्त से बिहार के 91 निबंधन कार्यालयों में पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था शुरू की गयी है. कातिबों की हड़ताल के बावजूद कार्यालय में निबंधन का काम जारी है. पिछले दो दिनों में मसौढ़ी कार्यालय में नौ दस्तावेजों का निबंधन हुआ है.

उन्होंने लोगों से निबंधन के लिए कार्यालय पहुंचने की अपील की. सब रजिस्ट्रार ने बताया कि गुरुवार से मसौढ़ी निबंधन कार्यालय में पेपरलेस व्यवस्था के तहत काम शुरू किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >