पटना: स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन पर पीएमसीएच में आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल खत्म, काम पर लौटे कर्मचारी

PMCH Outsourcing employees: पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में छह माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई है. सभी कर्मचारी अपने काम पर लौट आए हैं, जिससे मरीजों को राहत मिली है.

PMCH Outsourcing employees: पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में छह माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई. दोपहर दो बजे के बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने काम पर लौट आए, जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों ने राहत की सांस ली.

स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद खत्म हुई हड़ताल

आउटसोर्सिंग कर्मचारी विकास कुमार ने बताया कि सभी कर्मचारियों ने बुधवार को पैदल मार्च निकालकर स्वास्थ्य मंत्री आवास तक विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया. स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष आवंटन के तहत जल्द बकाया वेतन का भुगतान कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया.

कम वेतन भुगतान मामले की होगी जांच

मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रम संसाधन विभाग ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को मात्र आठ हजार रुपये वेतन दिए जाने की शिकायत पर जांच बैठा दी है. विभाग की ओर से संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर कम वेतन भुगतान के मामले में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा. यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

350 कर्मचारियों की हड़ताल से प्रभावित हुई थीं स्वास्थ्य सेवाएं

पीएमसीएच में फ्रंटलाइन सेवाओं में कार्यरत करीब 350 आउटसोर्सिंग कर्मचारी कंपनी के खिलाफ हड़ताल पर चले गए थे. हड़ताल के कारण अस्पताल की कई सेवाएं प्रभावित हो गई थीं. मरीजों को बेड पर चादर उपलब्ध कराने, दवा वितरण और सर्जरी से जुड़ी व्यवस्थाओं में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. कर्मचारियों के काम पर लौटने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाएं सामान्य होने लगी हैं.

Also Read: बिहार की 1.81 करोड़ महिलाओं के लिए खुशखबरी, 25 जुलाई को खाते में जाएगी राशि, सीएम सम्राट का ऐलान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Nitish kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >