Patna News: (नितिश सिंह की रिपोर्ट) राजधानी के बुद्धा कॉलोनी थाना परिसर में शनिवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब छह माह से लापता एक विवाहित महिला अचानक अपने दो बच्चों के साथ थाने पहुंच गई. महिला के पहुंचते ही पति, मायके पक्ष और कथित प्रेमी के परिजन भी थाना पहुंच गए, जिसके बाद घंटों तक हंगामे की स्थिति बनी रही.
छह माह से थी लापता
महिला के पति ने 25 नवंबर 2025 को बुद्धा कॉलोनी थाने में पत्नी और बच्चों की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था. जांच के दौरान पुलिस को महिला की लोकेशन कभी बेंगलुरु तो कभी अन्य स्थानों पर मिल रही थी. पुलिस ने बेंगलुरु में छापेमारी भी की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला.
मकान मालिक के बेटे के साथ फरार होने का आरोप
जांच में यह बात सामने आई कि महिला अपने दो बच्चों को लेकर मकान मालिक के शादीशुदा बेटे के साथ फरार हो गई थी. महिला पहले अपने पति और बच्चों के साथ गया जी में रहती थी और वर्ष 2025 में पटना आकर बुद्धा कॉलोनी इलाके में किराये पर रहने लगी थी. इसी दौरान उसका संपर्क मकान मालिक के बेटे से बढ़ा.
थाने में पहुंचकर किया बड़ा खुलासा
थाने में पहुंचने के बाद महिला ने पुलिस के समक्ष बयान दिया कि वह अपनी मर्जी से गई थी और अब अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है. उसने अपने पति से किसी भी प्रकार का संबंध रखने से इनकार कर दिया.
कोर्ट में दर्ज हुआ बयान, आगे की कार्रवाई जारी
मामले में दोनों पक्षों की मौजूदगी के बाद पुलिस ने महिला का बयान कोर्ट में दर्ज कराया है. बुद्धा कॉलोनी थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि कोर्ट के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थाने में हुई इस घटना को लेकर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने बाद में नियंत्रित किया.
इसे भी पढ़ें: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड
