गंगा नदी में डूबने से तीन मासूम की मौत, पटना में नहाने के दौरान हुआ हादसा

Patna News: राजधानी पटना से सटे दानापुर अनुमंडल के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित हेतनपुर गंगा घाट पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की जान चली गई. गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
Patna News:
जानकारी के अनुसार, हेतनपुर गांव के पांच दोस्त रविवार सुबह गंगा नदी में स्नान करने के लिए घाट पर पहुंचे थे. स्नान के दौरान अचानक तीन बच्चों का पैर गहरे पानी में चला गया और वे डूबने लगे. साथ मौजूद दो बच्चों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. देखते ही देखते तीनों बच्चे नदी की तेज धारा में समा गए.

दोस्तों ने परिजनों दी सूचना

घटना के बाद दोनों बच्चे घबराए हुए गांव पहुंचे और परिजनों को हादसे की जानकारी दी. सूचना मिलते ही गांव के लोग और परिजन गंगा घाट की ओर दौड़े. काफी खोजबीन और प्रयास के बाद तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया.

मृतकों की हुई पहचान

अस्पताल में चिकित्सकों ने ईसीजी जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान हेतनपुर निवासी धर्मवीर राय के 10 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार, सत्येंद्र राय के 11 वर्षीय पुत्र तेज कुमार और अमिताभ बच्चन के 7 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है.

परिजन

पूरे गांव में दौड़ी शोक की लहर

हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. तीन-तीन घरों के चिराग बुझ जाने से गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के विलाप से माहौल भावुक हो उठा.

पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. बाद में शव परिजनों को सौंप दिए गए. मृतक परिवारों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुलाकात कर सांत्वना दी.

आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मिलेगी सहायता राशि

सीओ चंदन कुमार ने बताया कि गंगा नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हुई है. तत्काल राहत के रूप में मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये दिए गए हैं. वहीं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से नियमानुसार चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी.

शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गंगा नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ALSO READ: Re-NEET 2026: पटना के 95 केंद्रों पर 46 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे पुनर्परीक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Karuna Tiwari

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >