Patna News: (संजय पाण्डेय) पटना जिले के खगौल में इन दिनों भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. तेज धूप, गर्म हवा और लू के थपेड़ों से लोग परेशान हैं. सुबह सात बजे के बाद ही गर्म हवाएं चलने लगती हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. सबसे अधिक परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है.
ग्रामीण फीडर के उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी
एक ओर गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने से शहरी और ग्रामीण फीडर के उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है.
ट्रांसफॉर्मर पर अत्यधिक लोड बढ़ने के कारण
शनिवार रात लेखानगर, ऊर्जा नगर, आशोपुर, मठियापुर और द्वारिकापुरी कॉलोनी समेत आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में ट्रांसफॉर्मर पर अत्यधिक लोड बढ़ने के कारण फ्यूज उड़ गया, जिससे घंटों बिजली गुल रही। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ी.
अधिकारियों के प्रति आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली की अनियमित आपूर्ति से हालात बदतर हो गए हैं। बिजली संकट के साथ-साथ पेयजल की समस्या ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. उपभोक्ताओं में जनप्रतिनिधियों और बिजली विभाग के अधिकारियों के प्रति आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है.
लोगों ने अविलंब बिजली व्यवस्था में सुधार और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में कार्यपालक अभियंता से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा.
