Patna News: पटना में सरकारी कर्मचारियों के लिए एक नई और खास परिवहन सुविधा की शुरुआत होने जा रही है. 18 मई से सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी. इस सेवा के जरिए कर्मचारियों को नया सचिवालय और पुराना सचिवालय तक सीधी और आसान कनेक्टिविटी मिलेगी.
परिवहन सचिव राजकुमार ने बताया कि इस योजना का मकसद सरकारी कर्मियों को सुरक्षित, समय पर और सुलभ यात्रा सुविधा देना है. साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम कर ईंधन की बचत और ट्रैफिक दबाव घटाना भी इसका मुख्य उद्देश्य है.
सार्वजनिक परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से चलाई जा रही इस पहल से पटना शहर में इलेक्ट्रिक बसों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा. वर्तमान में पटना में 25 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पहले से ही सफलतापूर्वक किया जा रहा है.
अधिकारियों के अनुसार, बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी रोजाना निजी वाहन से सचिवालय आते-जाते हैं, जिससे शहर में जाम और ईंधन की खपत बढ़ती है. नई बस सेवा इस समस्या को कम करने में मदद करेगी.
कई रूटों से सीधे सचिवालय तक बस सेवा
यह विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा पटना के अलग-अलग प्रमुख रूटों से सचिवालय तक चलेगी.
मल्टी मॉडल हब से सचिवालय रूट
यह बस सेवा पटना जंक्शन (मल्टी मॉडल हब) से शुरू होकर आर ब्लॉक, इनकम टैक्स, विद्युत भवन, पटना हाईकोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए नया और पुराना सचिवालय तक जाएगी. सुबह 8:30 बजे से सेवा शुरू होगी और शाम को वापसी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.
धनुकी मोड़ और कंकड़बाग रूट
यह सेवा धनुकी मोड़ से कुम्हरार, भूतनाथ रोड, एनएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया स्टेशन और आर ब्लॉक होते हुए विकास भवन तक पहुंचेगी.
गांधी मैदान से सचिवालय रूट
गांधी मैदान से बसें डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स, नियोजन भवन, विद्युत भवन, हाईकोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय तक जाएंगी.
कुर्जी से पिंक बस सेवा
महिला कर्मियों के लिए विशेष पिंक बस सेवा कुर्जी से शुरू होगी. यह पीएंडएम मॉल, साईं मंदिर, पाटलिपुत्र कॉलोनी, एएन कॉलेज, बोरिंग रोड चौराहा और हड़ताली मोड़ होते हुए सचिवालय तक जाएगी.
दानापुर से सचिवालय रूट
दानापुर स्टेशन से भी इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा उपलब्ध होगी. यह बस सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना नगर, आईजीआईएमएस, शेखपुरा मोड़ और चिड़ियाघर होते हुए सचिवालय पहुंचेगी. इस रूट पर सुबह 8:15 बजे से सेवा शुरू होगी.
महिलाओं और कर्मचारियों को मिलेगा खास फायदा
यह बस सेवा खास तौर पर कार्यालय समय को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. सुबह कर्मचारियों को समय पर सचिवालय पहुंचाने और शाम को घर लौटने की सुविधा दी जाएगी. महिलाओं की सुविधा के लिए शाम 5 बजे के आसपास भी अतिरिक्त बस सेवा उपलब्ध रहेगी.
ट्रैफिक और प्रदूषण में आएगी कमी
अधिकारियों का मानना है कि इस योजना से शहर में निजी वाहनों की संख्या घटेगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होगा और प्रदूषण पर भी नियंत्रण मिलेगा. साथ ही पेट्रोल-डीजल की बचत भी बड़े स्तर पर होगी. सरकार इसे पटना में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम मान रही है.
Also Read: CM सम्राट ने किया राजगीर मलमास मेले का उद्घाटन, 22 कुंड और 52 धाराओं में तीन शाही स्नान का महायोग
