Patna News:(अमिताभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट) पटना सिटी में रविवार को डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक किशोर और एक युवक की मौत हो गई. पहली घटना दीदारगंज थाना क्षेत्र के गंगा घाट की है, जबकि दूसरी घटना चौक थाना क्षेत्र स्थित मंगल तालाब में हुई.
दीदारगंज थाना क्षेत्र के पूर्वी दीदारगंज घाट पर रविवार दोपहर तीन किशोर गंगा स्नान करने पहुंचे थे. स्नान के दौरान अचानक तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. घाट पर मौजूद निगमकर्मी पर्यवेक्षक अनिल कुमार ने तत्काल पानी में उतरकर दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक किशोर गंगा की धारा में डूब गया.
स्थानीय गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलने पर वार्ड संख्या 72 की पार्षद संध्या यादव मौके पर पहुंचीं और पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने गंगा में सर्च अभियान चलाया. काफी प्रयास के बाद डूबे किशोर का शव बरामद कर लिया गया. मृतक की पहचान दीदारगंज के बजरंग टोला दक्षिणी गली निवासी संतोष साव के 12 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है.
मौके पर पहुंची पुलिस
दीदारगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ तथा गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया. शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) भेज दिया गया है.
मंगल तालाब में युवक की डूबने से मौत
वहीं, चौक थाना क्षेत्र स्थित मंगल तालाब में रविवार को लगभग 25 वर्षीय एक युवक की डूबने से मौत हो गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकाला. पुलिस के अनुसार, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
