पालीगंज पुलिस ने चोर गिरोह का किया खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

पालीगंज थाना पुलिस ने एक बड़े चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से चोरी का एसी, टीवी, ई-रिक्शा पार्ट्स और अन्य सामान बरामद किया है. गिरोह चोरी का सामान बेचकर अपना कारोबार चलाता था.

Patna News: पालीगंज थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं में शामिल एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो किशोर भी शामिल हैं. पुलिस ने उनके पास से चोरी के कई सामान बरामद किए हैं, जिनमें एसी, टीवी, ई-रिक्शा के पार्ट्स, मोटर समेत अन्य सामान शामिल हैं.

छह आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार, रंजीत कुमार, सुनील कुमार, आशिक कुमार, आजाद उर्फ चस्का और रुखिया के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार इनमें दो किशोर भी शामिल हैं.

ई-रिक्शा दुकान में चोरी की जांच से हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार पालीगंज थाना क्षेत्र के धरहरा मोड़ स्थित एक ई-रिक्शा दुकान में कुछ दिनों पहले चोरी हुई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया.

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ई-रिक्शा दुकान में चोरी करने से पहले वे धरहरा मोड़ के पास स्थित एक बंद रेस्टोरेंट में भी चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं. वहां से उन्होंने टीवी, एसी और अन्य सामान चोरी किया था.

चोरी का सामान बेचकर चलाते थे कारोबार

जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य चोरी के सामान को विभिन्न स्थानों पर बेच देते थे और उसी से अपना खर्च और कारोबार चलाते थे. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस नेटवर्क में एक कबाड़ी दुकानदार भी शामिल था, जो चोरी का सामान खरीदता था.

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पालीगंज डीएसपी-1 राजीव चंद्र सिंह ने बताया कि धरहरा मोड़ स्थित ई-रिक्शा दुकान में चोरी की घटना के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच के दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ.

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार छह आरोपियों में दो किशोर और चार वयस्क शामिल हैं. पूछताछ में कई अन्य चोरी की घटनाओं की जानकारी मिली है. पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sikandar kumar paliganj

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >