Patna News: (नितिश सिंह की रिपोर्ट) राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित कुर्जी पुल के समीप एक ज्वेलरी दुकान में दो नाबालिग लड़कियों द्वारा लूट का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है. दोनों लड़कियों ने दुकानदार के चेहरे पर कथित रूप से नशीला स्प्रे कर गहने लेकर भागने की कोशिश की. हालांकि दुकानदार की सतर्कता से एक लड़की पकड़ ली गई, जबकि दूसरी फरार हो गई.
टॉप्स दिखाने के बहाने पहुंचीं दुकान
घटना शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे की है. कुर्जी पुल के समीप स्थित मां वैष्णो ज्वेलर्स में दुकानदार राजेश कुमार दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान दो लड़कियां दुकान में पहुंचीं और पहले टॉप्स दिखाने को कहा. कुछ देर बाद उन्होंने अंगूठी दिखाने की मांग की. दुकानदार के अनुसार, जैसे ही वह टॉप्स वापस रखने लगा, तभी एक लड़की ने अचानक स्प्रे निकालकर उसके चेहरे पर छिड़क दिया. स्प्रे के कारण उसे घुटन महसूस होने लगी. दुकान में मौजूद एक महिला भी इससे प्रभावित हुई.
सतर्कता से विफल हुई वारदात
दुकानदार ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और गहनों को सुरक्षित रखते हुए काउंटर से निकलकर शटर की ओर दौड़ा. इस दौरान एक लड़की मौके से भागने में सफल रही, जबकि दूसरी दुकान के अंदर ही रह गई. दुकानदार ने बाहर से शटर बंद कर दिया, जिससे वह भाग नहीं सकी.
स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. बाद में एक महिला की मदद से पकड़ी गई लड़की को बाहर निकाला गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया. बताया जाता है कि वह कुछ देर के लिए अचेत जैसी हो गई थी.
दोनों सहेलियां, प्लस टू की छात्राएं
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ी गई लड़की की उम्र करीब 16 वर्ष है और वह दानापुर दियारा क्षेत्र की रहने वाली है. फरार लड़की उसकी सहेली बताई जा रही है, जो कुर्जी इलाके की निवासी है. दोनों ने इसी वर्ष प्लस टू की परीक्षा पास की है और एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ाई करती थीं.
पुलिस कर रही जांच
दुकानदार राजेश कुमार ने दीघा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. दीघा थानाध्यक्ष ने बताया कि एक लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. दूसरी की तलाश जारी है. दोनों के नाबालिग होने की सूचना मिली है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्प्रे के प्रकार तथा घटना के अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
