India Post की नई फ्रेंचाइजी स्कीम 2.0 लॉन्च, अब पार्सल और COD डिलीवरी से होगी तगड़ी कमाई

Patna News: डाक विभाग ने बिहार में ग्राहकों की सुविधा और डाक सेवाओं के विस्तार के लिए न्यू फ्रेंचाइजी स्कीम 2.0 लागू करने का फैसला किया है. नई योजना में फ्रेंचाइजी को आधुनिक तकनीकी सुविधाएं और बेहतर सेवाएं मिलेंगी.

Patna News: (सुबोध कुमार नंदन) डाक विभाग ने डाक सेवाओं के विस्तार और ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिहार में न्यू फ्रेंचाइजी स्कीम 2.0 लागू करने का निर्णय लिया है. इस नई योजना के तहत डाक फ्रेंचाइजी को पहले की तुलना में अधिक सुविधाएं और आधुनिक तकनीकी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी.

इस संबंध में रेल डाक सेवा, पीटी मंडल, पटना के प्रवर अधीक्षक राजदेव प्रसाद ने बताया कि नई स्कीम को एपीटी 2.0 प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जिससे फ्रेंचाइजी संचालन पूरी तरह डिजिटल और अधिक पारदर्शी हो जाएगा.

सभी प्रकार के डाक लेख और पार्सल की मिलेगी सुविधा

राजदेव प्रसाद ने बताया कि पुरानी फ्रेंचाइजी योजना में केवल घरेलू पंजीकृत डाक लेखों की बुकिंग की अनुमति थी. वहीं, नई फ्रेंचाइजी स्कीम 2.0 के तहत सभी प्रकार के डाक लेख, पार्सल तथा कैश ऑन डिलीवरी (COD) पार्सलों की बुकिंग और डिलीवरी की सुविधा दी जाएगी.

इसके अलावा अब केवल एक मॉडल के बजाय कई प्रकार के फ्रेंचाइजी मॉडल लागू किए जाएंगे. इनमें पार्सल पिकअप, बुकिंग और डिलीवरी जैसी सेवाएं भी शामिल होंगी.

तकनीक आधारित होगी नई व्यवस्था

अब तक फ्रेंचाइजी कार्य मेघदूत स्टैंडअलोन सॉफ्टवेयर के माध्यम से संचालित होता था, लेकिन नई योजना में मोबाइल एप और डेस्कटॉप सेल्फ सर्विस पोर्टल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

डाक शुल्क भुगतान के लिए वॉलेट सुविधा और सीधे बैंकिंग चैनल इंटीग्रेशन की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे भुगतान प्रक्रिया अधिक आसान और तेज होगी.

रोजाना मिलेगा कमीशन

नई योजना में कमीशन भुगतान प्रणाली को भी पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है. अब सिस्टम जनरेटेड इनवॉइसिंग की सुविधा होगी और फ्रेंचाइजी को प्रतिदिन अग्रिम कमीशन भुगतान किया जाएगा.

साथ ही शिकायत निवारण के लिए सेल्फ सर्विस पोर्टल में अलग से सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके.

आवेदन पत्र कहां से मिलेगा

न्यू फ्रेंचाइजी स्कीम 2.0 के लिए आवेदन पत्र प्रवर अधीक्षक, रेल डाक सेवा, पीटी मंडल, पटना कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है. इसके अलावा इच्छुक लोग ईमेल के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं.

ईमेल : SSRMPT@gmail.com

ALSO READ: पटना में मेनहोल सफाई के लिए आएंगी मशीनें, व्यवस्था को हाईटेक बना रहा नगर निगम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Karuna Tiwari

करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >