Patna News: पटना स्थित आईजीआईएमएस में लगातार तीसरे दिन हिंसा और मारपीट की घटना सामने आई है. इस बार जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों पर संस्थान के इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जिसमें इलेक्ट्रिकल विभाग के जूनियर इंजीनियर रिशु मिश्रा, उनके पिता अशोक मिश्रा और लिफ्ट इंजीनियर अमन कुमार घायल हो गए.
एसी ठीक कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बुधवार शाम रेडियोलॉजी विभाग में खराब सेंट्रल एसी को ठीक कराने के दौरान हुई. इलेक्ट्रिकल इंजीनियर रिशु मिश्रा और कुछ जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के बीच कहासुनी हो गई थी. आरोप है कि उसी दौरान रिशु मिश्रा के साथ पहली बार मारपीट की गई थी. पीड़ित पक्ष का कहना है कि मामले की शिकायत संस्थान प्रशासन से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
निदेशक से मिलने पहुंचे इंजीनियरों पर हमला
गुरुवार को रिशु मिश्रा अपने पिता अशोक मिश्रा और सहयोगी अमन कुमार के साथ संस्थान के निदेशक से मिलने पहुंचे थे. आरोप है कि लौटने के दौरान डेंटल विभाग के पास बड़ी संख्या में मौजूद जूनियर डॉक्टरों ने उन्हें घेर लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 200 जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर इलेक्ट्रिकल विभाग में घुस आए और तीनों कर्मचारियों के साथ लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट की. इस दौरान रिशु मिश्रा का सिर फट गया और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है. फुटेज में बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टरों की भीड़ विभाग में घुसती दिखाई दे रही है.
पुलिस में मामला दर्ज
रिशु मिश्रा के बयान पर शास्त्रीनगर थाना में मामला दर्ज कराया गया है. प्राथमिकी में डॉ. दीपक कुमार, डॉ. अजीत कुमार समेत तीन नामजद और कई अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.
अस्पताल में दहशत का माहौल
लगातार चार दिनों से आईजीआईएमएस में तनाव और हंगामे की घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल है. ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं पर भी असर पड़ने की खबर है. कई अस्पतालकर्मी घटना के दौरान इधर-उधर भागते नजर आए.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें: दाखिल-खारिज में गड़बड़ी अब नहीं चलेगी, DSP स्तर के अधिकारी करेंगे जांच, बना नया स्पेशल सेल
