फतुहा में दिनदहाड़े युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किया, पटना रेफर

Patna News: पटना के फतुहा में बाइक सवार अपराधियों ने विकास कुमार उर्फ सिकंदर को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुलिस जांच में जुटी है और आपसी रंजिश की आशंका जताई गई है.

Patna News: (एस के सिंह की रिपोर्ट) पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना बख्तियारपुर-फतुहा फोरलेन स्थित सुपनचक गांव के समीप की है. घायल युवक की पहचान नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के पट्टी बिगहा निवासी विकास कुमार उर्फ सिकंदर के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार पीड़ित अपनी बाइक से फतुहा थाना क्षेत्र के भिखुआ गांव जा रहा था. इसी दौरान सुपनचक गांव के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने उसे रोकने की कोशिश की. युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले बदमाशों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी. गोली विकास कुमार के हाथ को छेदते हुए शरीर में जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

पेट्रोलिंग पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

घायल युवक ने हिम्मत जुटाकर शोर मचाया. संयोग से उसी समय फतुहा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां से गुजर रही थी. पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतुहा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.

पड़ोसी गांव के व्यक्ति पर जताया शक

घायल विकास कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पड़ोसी गांव पेठिया निवासी संतोष राम के साथ उसका कुछ समय से विवाद चल रहा था. उसने आशंका जताई है कि उसी विवाद के कारण उस पर जानलेवा हमला कराया गया है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

फतुहा पुलिस ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े फोरलेन सड़क पर हुई इस गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश, पुराने विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

Also Read: बिहार में बिजली चोरी करने वालों के बुरे दिन होंगे शुरू, स्मार्ट प्रीपेड मीटर कंपनियों को मिली अब बड़ी जिम्मेदारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >