Patna News: (संजय कुमार की रिपोर्ट) बिहार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और बेलगाम अपराध के खिलाफ मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अब सड़क से लेकर प्रखंड कार्यालयों तक आंदोलन तेज कर दिया है. इसी कड़ी में मंगलवार को दानापुर राजद इकाई की ओर से प्रखंड मुख्यालय परिसर में सरकार के खिलाफ एक दिवसीय आक्रोशपूर्ण धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया. इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने परिसर में बैठकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
धरना को संबोधित करते हुए राजद के प्रखंड अध्यक्ष सत्य सिंह यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज पूरे बिहार सहित पटना जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है. राज्य के हर कोने से प्रतिदिन हत्या, बलात्कार, लूट, डकैती और रंगदारी जैसी संगीन आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे नागरिकों में भय का माहौल है. सरकार इन घटनाओं को रोकने के बजाय पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है.
महिलाएं असुरक्षित, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने तोड़ी कमर: अरुण कुमार सिंह
पटना जिला राजद के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश और प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक शिथिलता के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है. सरेआम हो रही वारदातों के कारण महिलाएं अब घर से बाहर निकलने में खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि बेरोजगारी और बेतहाशा बढ़ती महंगाई ने राज्य के गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों की कमर तोड़कर रख दी है.
राजद नेताओं ने इन मुख्य मुद्दों पर सरकार को घेरा:
- बेलगाम अपराध: जिला और प्रखंड स्तर पर चोरी, लूटपाट और हत्या की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी.
- आसमान छूती महंगाई: रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से आम बजट हुआ फेल.
- प्रशासनिक भ्रष्टाचार: प्रखंड कार्यालयों में बिना रिश्वत के आम लोगों के काम न होने का आरोप.
धरने में शामिल वरिष्ठ राजद नेता अफरोज आलम, राज कुमार यादव, मुस्कान यादव और राजेश कुमार पाल ने संयुक्त रूप से कहा कि वर्तमान सरकार महंगाई और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. नेताओं ने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में दानापुर प्रखंड कार्यालय पहुंचने और धरने को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया.
पूर्व पार्षदों और मुखिया ने भी रखा विचार, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
इस एक दिवसीय धरने में जमीनी स्तर के जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की कमियों को उजागर किया. पूर्व नगर पार्षद अजय कुमार, पप्पू यादव, अर्जुन पासवान, मौलवी हसन उर्फ मक्खन, प्रखंड उप प्रमुख शंभु राय और मुखिया विनोद कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जन सरोकार के मुद्दों पर राजद चुप बैठने वाली नहीं है. अगर सरकार ने अपराध पर लगाम नहीं लगाई और महंगाई से राहत नहीं दी, तो यह आंदोलन दानापुर से निकलकर पूरे पटना जिला मुख्यालय तक फैलेगा. इस मौके पर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए सैकड़ों सक्रिय पार्टी कार्यकर्ता, पंचायत अध्यक्ष और स्थानीय लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे.
Also Read: पटना के इस ऐतिहासिक मंदिर का होगा कायाकल्प, एसडीओ ने अतिक्रमणकारियों को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम
