Patna News: (हिमांशु देव) पटना नगर निगम (Patna Municipal Corporation)शहर में मेनहोल और सीवर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी कर रहा है.इसके तहत अब सफाई कर्मचारियों को जहरीले मैनहोल और सीवर में उतरकर सफाई नहीं करनी पड़ेगी. नगर निगम छह मेनहोल स्कैवेंजर मशीन खरीदने जा रहा है, जिन्हें सभी अंचलों में एक-एक करके लगाया जाएगा. इन मशीनों के जरिए मेनहोल की सफाई सुरक्षित और तकनीक आधारित तरीके से की जाएगी. इनकी खरीद भारत सरकार के गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी.
कैमरे, सेंसर और रोबोटिक हाथों से होगी सफाई
इन स्कैवेंजर मशीनों में कैमरे और सेंसर लगे होंगे, जो सीवर के अंदर की स्थिति और जहरीली गैसों का पता लगाएंगे. इनमें लगे रोबोटिक हाथ इंसानी हाथों की तरह काम करेंगे और मेनहोल के अंदर जमा कचरे को बाहर निकालेंगे। इससे सफाई कर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी.
मानसून के लिए भी आधुनिक मशीनों की खरीद
नगर निगम मानसून को देखते हुए 20 इलेक्ट्रिक वुड कटर और 20 कंक्रीट ब्रेकर मशीन भी खरीदने की तैयारी में है. हाल ही में हुई बारिश के दौरान कई स्थानों पर पेड़ गिरने से लोगों को परेशानी हुई थी. ऐसे में ये मशीनें सभी अंचलों में उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि आपात स्थिति में तुरंत पेड़ हटाने और सड़क साफ करने का काम तेजी से किया जा सके.
ALSO READ: भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने वाली पार्टी : सम्राट चौधरी
