Patna News: (संजय कुमार) दानापुर में बाइक सवार बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. मंगलवार देर शाम सगुना मोड़ पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर बेखौफ बदमाशों ने आधे घंटे के भीतर तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए. इस दौरान एक महिला घायल भी हो गई.
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
लगातार हुई इन घटनाओं के बाद नगर में पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं. घटना के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार बदमाशों की तस्वीरें कैद हो गई हैं.
पहली महिला से छीनी सोने की चेन
बताया जाता है कि मंगलवार देर शाम खगौल रोड पर गाड़ी से जा रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली. घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार से सगुना मोड़ की ओर फरार हो गए.
थाने में दर्ज कराया गया मामला
इस मामले में प्रियंका किरण ने स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
सगुना मोड़ के पास लगातार हुई स्नैचिंग की वारदात
पहली घटना के कुछ देर बाद ही बाइक सवार बदमाशों ने एक अन्य महिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया. लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
कोचिंग से लौट रही महिला से छीनी चेन
इसके कुछ देर बाद खगौल रोड में अपने पुत्र को कोचिंग से लेकर घर लौट रही ममता सिंह को भी बदमाशों ने निशाना बनाया. बाइक सवार अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली, जिससे उनके गले में चोट भी लग गई.
आधे घंटे में तीन वारदात से दहशत
आधे घंटे के भीतर लगातार तीन महिलाओं से चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि सगुना मोड़ पर पुलिस टीम की तैनाती रहने के बावजूद बदमाश आसानी से घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो गए.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
सिंटू कुमार झा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है.। सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार दोनों युवकों की तस्वीरें कैद हुई हैं, जिसके आधार पर उनकी पहचान की जा रही है.
ALSO READ: नेउरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो से 393 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, अभियान में मिली सफलता
