Patna News: (अमिताभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट) पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाराम लेन, श्याम मंदिर मार्ग में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की दूसरी शादी से नाराज होकर उसके ससुराल में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. इस घटना में महिला, उसके नए पति के माता-पिता और दो बच्चों समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि आरोपी स्वयं भी आग की चपेट में आ गया.
क्या है घटना?
पुलिस के अनुसार आरोपी कन्हैया कुमार, जो चौक थाना क्षेत्र के पुआ गली का निवासी है, अपनी तलाकशुदा पत्नी प्रिया कुमारी उर्फ मीनू की दूसरी शादी से नाराज था. जानकारी के मुताबिक दोनों का विवाह 15 अप्रैल को हुआ था, जिसके बाद महिला अपने नए पति गोविंद अग्रवाल के साथ राजाराम लेन स्थित घर में रह रही थी. बुधवार को आरोपी अचानक ससुराल पहुंचा और ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) छिड़ककर घर में आग लगा दी.
झुलसे हुए लोग
इस घटना में 6 लोग झुलस गए.
- पुरुषोत्तम अग्रवाल (नए पति के पिता)
- नीलम अग्रवाल (72 वर्ष, नई पत्नी की सास)
- प्रिया कुमारी उर्फ मीनू (महिला)
- आयुष (10 वर्ष)
- सूरज (3 वर्ष)
- आरोपी कन्हैया कुमार (स्वयं), घटना में गोविंद अग्रवाल की पहली पत्नी से हुई बेटी उस समय घर पर मौजूद नहीं थी, जिससे वह सुरक्षित बच गई।
सभी की हालत गंभीर
सभी घायलों को चौक थाना पुलिस ने तत्काल नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया है. चिकित्सकों के अनुसार पुरुषोत्तम अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, प्रिया कुमारी और आयुष की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी कन्हैया कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती है, क्योंकि वह भी आग में झुलस गया था.
जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल से ज्वलनशील पदार्थ की बोतल और आरोपी का जला हुआ कपड़ा (जींस पैंट) बरामद किया है. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है.
