Patna News : नगर निगम शहर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है. शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए चार प्रमुख अंचलों में गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन (जीटीएस) का निर्माण कराया जा रहा है. इसके तहत न्यू कैपिटल अंचल के यारपुर, पाटलिपुत्र अंचल के दीघा गोलंबर, कंकड़बाग अंचल के ट्रांसपोर्ट नगर तथा बांकीपुर अंचल के बाजार समिति स्थित व्हीकल यार्ड का चयन किया गया है.
सभी स्थानों पर सिविल निर्माण कार्य तेजी से चल रहा
इन सभी स्थानों पर सिविल निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. निर्माण पूरा होने के बाद यहां आधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी, जिससे कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया और अधिक आसान एवं व्यवस्थित हो जाएगी. नगर निगम का लक्ष्य अगले छह से आठ महीनों के भीतर इन चारों गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों को चालू करना है. जानकारी के अनुसार विभाग ने इस परियोजना पर पिछले वर्ष से ही काम शुरू कर दिया था। हालांकि पटना सिटी एवं अजीमाबाद अंचल में अब तक उपयुक्त जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है.
कचरे को वैज्ञानिक तरीके से एकत्रित व परिवहन किया जाएगा
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन शुरू होने के बाद शहर से निकलने वाले कचरे को वैज्ञानिक तरीके से एकत्रित एवं परिवहन किया जा सकेगा. इससे सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और शहर को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: दाखिल-खारिज में गड़बड़ी अब नहीं चलेगी, DSP स्तर के अधिकारी करेंगे जांच, बना नया स्पेशल सेल
