Patna Flood Update : पुनपुन नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच पुनपुन घाट स्थित रेलवे ब्रिज की सुरक्षा को लेकर रेल पुलिस और आरपीएफ ने निगरानी बढ़ा दी है. बाढ़ का पानी रेलवे पुल के पिलरों और गार्डर तक पहुंचने के बाद पुल और रेल लाइन की सुरक्षा के लिए 24 घंटे जवानों की तैनाती की गई है.
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम तैनात
तारेगना जीआरपी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि वरीय रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम को पुल की निगरानी में लगाया गया है. जीआरपी के जवान लगातार पुल के आसपास पानी के स्तर और रेल ट्रैक की स्थिति पर नजर रख रहे हैं.
सुरक्षा कारणों से डाउन लाइन पर परिचालन बंद
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा कारणों से डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया है. फिलहाल ट्रेनों को अप लाइन से चलाया जा रहा है. वहीं, बाढ़ के कारण 10 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि 10 एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है.
बाढ़ के बीच रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेने पहुंचे लोग
इधर, बाढ़ के पानी के बीच कुछ लोग रेलवे पुल और ट्रैक पर सेल्फी लेने पहुंच रहे हैं. सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने ऐसे लोगों को मौके से हटाया और दोबारा रेलवे पुल या ट्रैक के आसपास नहीं जाने की सख्त हिदायत दी.
जीआरपी ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
जीआरपी ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ के दौरान रेलवे पुल और ट्रैक के आसपास जाना जानलेवा हो सकता है. लोगों से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्थानों से दूर रहने और सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए खतरे वाले इलाकों में नहीं जाने की अपील की गई है.
