पटना में 30 होटल और 30 अस्पतालों को सील करने का प्रस्ताव, दिल्ली-मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद फायर ब्रिगेड का एक्शन

Patna Fire Safety News: बिहार की राजधानी पटना में अग्निशमन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. नोटिस के बाद भी फायर सेफ्टी के नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 होटलों और 30 अस्पतालों को सील करने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.

Patna Fire Safety News (नितिश सिंह): दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्ट हाउस में 21 लोगों और बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में पांच लोगों की आग में झुलसकर हुई दर्दनाक मौत के बाद बिहार का अग्निशमन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. सूबे की राजधानी पटना सहित सभी जिलों में होटलों, मैरिज हॉलों और अस्पतालों की सघन जांच शुरू कर दी गई है. इस बीच पटना से सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नोटिस मिलने के बावजूद आग से बचाव का पुख्ता इंतजाम न करने वाले 30 नामचीन होटलों और 30 बड़े अस्पतालों के परिसर को सील करने का अंतिम प्रस्ताव राज्य अग्निशमन पदाधिकारी को भेज दिया गया है.

नोटिस को हल्के में लेना पड़ा भारी, जिला फायर कमांडेंट की रडार पर आए 60 संस्थान

स्थानीय इनपुट के अनुसार, जिला फायर कमांडेंट रितेश कुमार पांडेय के कड़े निर्देश पर गुरुवार को पटना जिले के विभिन्न इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुल 30 होटलों और 30 अस्पतालों ने पूर्व में विभाग द्वारा दिए गए कानूनी नोटिस और आग से बचाव के सुरक्षा निर्देशों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया था. इन संस्थानों की इस घोर लापरवाही को देखते हुए जिला फायर कमांडेंट ने बिना कोई समय गंवाए इन सभी 60 व्यावसायिक और चिकित्सा प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से सील (Lockdown) करने का आधिकारिक प्रस्ताव बिहार अग्निशमन पदाधिकारी को सौंप दिया है.

शुक्रवार से गरजेगा प्रशासन का डंडा, एक सप्ताह के भीतर अल्टीमेटम पूरा करने का आदेश

पटना के जिला फायर कमांडेंट रितेश कुमार पांडेय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच में जो 30 होटल और 30 अस्पताल नियमों का उल्लंघन करते पाए गए हैं, उन पर सख्त कानूनी चाबुक चलना तय है. मुख्यालय से हरी झंडी मिलते ही शुक्रवार से इन सभी संस्थानों को सील करने की ग्राउंड कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी.

इसके साथ ही राज्य मुख्यालय से बिहार के सभी जिलों के अग्निशमन पदाधिकारियों को एक कड़ा संदेश जारी किया गया है. इसके तहत एक सप्ताह के अंदर तमाम चिह्नित संस्थानों में फायर सेफ्टी के राष्ट्रीय मानकों का अनुपालन करा लेना है. इसके बावजूद जो संस्थान निर्देशों की अवहेलना करेंगे, उन्हें बिना कोई मोहलत दिए तुरंत सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. विभाग के इस कड़े रुख से पटना के होटल और अस्पताल संचालकों के बीच हड़कंप मचा हुआ है.

Also Read: रोहतास में 142 फर्जी शिक्षकों की सेवा समाप्त, दिल्ली-ग्वालियर की अमान्य डिग्रियों पर कर रहे थे नौकरी, 24 घंटे में रिपोर्ट तलब

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >