Patna News: (संजय कुमार की रिपोर्ट)
राजधानी पटना से सटे दानापुर छावनी परिषद प्रशासन ने क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास के लिए बड़ा कदम उठाया है. सुलतानपुर शनिचरा स्थान में लगभग तीन एकड़ भूमि पर डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय को भेजा गया है.
खेल सुविधाओं की कमी को देखते हुए लिया गया निर्णय
छावनी परिषद प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में बच्चों और युवाओं के लिए खेल मैदान की कमी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. स्वीकृति मिलने के बाद इस भूमि पर आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण में सुविधा मिलेगी.
विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध
प्रस्तावित स्टेडियम में क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल सहित कई खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी. साथ ही ओपन जिम, रनिंग ट्रैक और अन्य बहुआयामी सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा.
अतिक्रमण हटाकर विकसित होगी परती भूमि
छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी वरुण कुमार ने बताया कि इस परियोजना के लिए रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है और स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की परती भूमि से अतिक्रमण हटाकर उसे खेल उपयोग के लिए विकसित किया जाएगा तथा जल निकासी के लिए नाला निर्माण भी कराया जाएगा.
खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना दानापुर में खेल संस्कृति को मजबूत करेगी और भविष्य में जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त करेगी.
ALSO READ: स्वास्थ्य क्षेत्र में पुस्तक का विमोचन, पद्मश्री डॉ. शांति राय सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर रहे शामिल
