Patna News (आनंद सिंह कौशिक): पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के नौशा मोड़ निवासी एक महिला के मोबाइल के अचानक बंद होने के बाद उनके चार बैंक खातों से कुल 1,69,502 रुपये ट्रांसफर कर लिये गये. पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कर राशि वापस कराने की गुहार लगायी है.
शिकायतकर्ता सिमडेगा जिले की रहने वाली हैं और वर्तमान में फुलवारीशरीफ के नौशा मोड़ स्थित धाकड़ा हाउस में रहती हैं. उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया और अपने आप अपडेट होने लगा. इसके बाद फोन सामान्य रूप से काम नहीं कर रहा था. शाम को जब वह सब्जी खरीदने गयीं, तो गूगल पे नहीं खुला.
एटीएम से मिनी स्टेटमेंट निकाला तो खाते से गायब मिली रकम
अगले दिन एटीएम से मिनी स्टेटमेंट निकालने पर महिला को पता चला कि उनके विभिन्न बैंक खातों से बिना जानकारी के रुपये ट्रांसफर कर लिये गये हैं.
शिकायत के अनुसार, एसबीआई खाते से 99,502 रुपये, बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में तथा दूसरे खाते से 70,000 रुपये, एक्सिस बैंक के माध्यम से अज्ञात खातों में भेज दिये गये. पीड़िता का आरोप है कि यह पूरा लेन-देन उनकी जानकारी और अनुमति के बिना यूपीआई के जरिए किया गया.
साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत, ठगी की रकम वापस कराने की मांग
महिला ने मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज करायी है. उन्होंने पुलिस से साइबर ठगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और ठगी गयी 1,69,502 रुपये की राशि वापस दिलाने की मांग की है.
