पटना: कब्रिस्तान के पास गैरेज में बंधक बनाकर मारपीट, हत्या कर शव गायब करने का आरोप, परिजनों का हंगामा

Patna Crime News: दानापुर में चार दिन से लापता 22 वर्षीय युवक शुभम कुमार की हत्या कर शव गायब करने की आशंका को लेकर परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. आगजनी के कारण करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Patna Crime News: (संजय कुमार की रिपोर्ट) दानापुर क्षेत्र के तकियापार-खगड़ी रोड पर गुरुवार को चार दिन से लापता युवक शुभम कुमार की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने तकियापार पुलिस चौकी के पास आगजनी कर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा.

चार दिन से लापता है युवक

लापता युवक की पहचान 22 वर्षीय शुभम कुमार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि चोरी के झूठे आरोप में कुछ लोगों ने शुभम को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और बाद में उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया. शुभम के पिता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 3 जून की रात घर में कहासुनी के बाद उनका पुत्र घर से निकल गया था और फिर वापस नहीं लौटा. उन्होंने बताया कि 9 जून को रोहित कुमार नामक युवक उनके पास पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.

गैरेज में बंधक बनाकर मारपीट का आरोप

परिजनों के अनुसार रोहित कुमार ने बताया कि उसे और शुभम को चोरी के आरोप में फंटूस खान और उसके सहयोगियों ने तकियापार कब्रिस्तान के पास स्थित एक गैरेज में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा था. रोहित किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन शुभम बाहर नहीं निकल सका. इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है.

परिजनों का आरोप है कि जब वे बताए गए गैरेज पर पहुंचे तो वह बंद मिला और वहां मौजूद लोग फरार थे. इसके बाद से शुभम का कोई सुराग नहीं मिला है. परिवार ने आशंका जताई है कि उसके साथ कोई गंभीर अप्रिय घटना हुई है.

सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने तकियापार पुलिस चौकी के पास आगजनी कर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने युवक की बरामदगी और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने बताया कि शुभम के खिलाफ चोरी का एक लिखित आवेदन पहले प्राप्त हुआ था. वहीं गुरुवार को लापता युवक के पिता ने भी आवेदन दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी बिंदुओं पर जांच जारी है.

हंगामा करते परिजन

इलाके में तनाव का माहौल

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

Also Read: पटना: साथी की गोली से घायल हुआ युवक, वारदात के बाद बाइक भी ले उड़ा आरोपी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >