Patna Crime: (संजय कुमार की रिपोर्ट) दानापुर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए विवाहिता के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है. चार दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मृतका की सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है.
चार दिन बाद अस्पताल में हुई मौत
मृतका की पहचान 27 वर्षीय रूबी सिंह के रूप में हुई है, जो दानापुर थाना क्षेत्र के आरके पुरम स्थित शत्रुध्न कॉम्प्लेक्स के फ्लैट संख्या-302 में किराये पर रहती थी. मूल रूप से उसका ससुराल सीतामढ़ी जिले के बासबट्टी गांव में है. रूबी पिछले चार दिनों से अस्पताल में भर्ती थी और शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया.
पिता ने पति, सास, ससुर और ननद पर लगाया आरोप
भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के सरथुआ गांव निवासी एवं मृतका के पिता राजेश सिंह ने दानापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने रूबी के पति शशि शेखर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, सास कौशल्या देवी, ससुर नवल किशोर सिंह और ननद सोनम कुमारी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि रूबी की शादी 4 मई 2022 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था. रूबी का ढाई साल का एक पुत्र भी है.
मायके से बुलाकर ले गए थे ससुराल वाले
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2025 में शिकायत के बाद रूबी को मायके ले जाया गया था. 5 जून 2026 को उसके पति और ससुर ने गांव में शादी समारोह का हवाला देकर रूबी को वापस भेजने का आग्रह किया. इसके बाद वे स्वयं आकर उसे अपने साथ ले गए.
फांसी लगाने की कोशिश का भी आरोप
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि 9 जून को दामाद ने फोन कर बताया कि रूबी की तबीयत खराब है और उसे सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था. परिजनों का आरोप है कि स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि रूबी के साथ मारपीट की गई थी और उसे फांसी लगाकर जान से मारने की कोशिश की गई थी. लोगों के जुटने पर ससुराल वाले उसे अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए.
सास गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
मामले में पुलिस पहले ही मृतका की सास कौशल्या देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है. मृतका का पति अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत बताया जाता है और घटना से एक दिन पहले ही घर पहुंचा था. वहीं ससुर पूर्व सैनिक एवं एसएसबी में कार्यरत बताए जा रहे हैं.
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए हैं. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
Also Read: पटना डीएम कार्यालय के स्टेनो की पत्नी से चेन स्नेचिंग, घर के बाहर से तीन लाख की सोने की चेन झपटी
