सर्दियों के दिनों में ठंड से बचने के लिए खुले में जलाया जाने वाला अलाव शहर की हवा को दूषित कर रहा है. पटना नगर निगम और एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप (A-PAG) द्वारा ने अध्ययन कराई है. बियॉन्ड द बॉनफायर्स की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि अलाव के धुएं से आसपास के वातावरण में जहरीले कण PM2.5 का स्तर 18 से 30 प्रतिशत तक बढ़ जाता है. राष्ट्रीय वायु दिवस पर सोमवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने इस रिपोर्ट का विमोचन किया.
यह अध्ययन खुले में सोने वाले बेघरों, स्ट्रीट वेंडर्स, रात में ड्यूटी करने वाले कर्मियों और स्लम बस्तियों में रहने वाले लोगों की समस्याओं पर केंद्रित है. रिपोर्ट के आधार पर निगम अब सर्दियों में खुले में लकड़ी और कचरा जलाने पर निर्भरता खत्म करने के लिए इलेक्ट्रिक हीटिंग व्यवस्था, जर्मन हैंगर शेल्टर व गिग वर्कर्स के लिए विंटर लाउंज तैयार करने में जुट गया है.
खुले में अलाव से हवा में बढ़ता है जहरीले कणों का प्रभाव
सर्दियों में ठंड से राहत पाने के लिए सड़कों के किनारे जलाए जाने वाले अलाव वायु प्रदूषण का एक बड़ा स्रोत बन गए हैं. अध्ययन के दौरान पाया गया कि अलाव जलाने से हवा की गुणवत्ता तेजी से गिरती है और धुएं से PM2.5 का स्तर 30 प्रतिशत तक बढ़ जाता है. इसका सबसे बुरा असर फुटपाथ पर रात बिताने वाले लोगों, यात्रियों और बस्तियों की आबादी पर पड़ता है. निगम का उद्देश्य इस धुएं से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों को रोकना और विंटर हीटिंग के सुरक्षित विकल्प उपलब्ध कराना है.
बेघरों के लिए 955 बेड वाले गर्म शेल्टर होम और हीटर की सुविधा
नगर आयुक्त ने बताया कि जरूरतमंद लोगों को अलाव से दूर रखने के लिए निगम द्वारा 6 स्थायी आश्रय स्थल, 12 जर्मन हैंगर और 8 टेंट शेल्टर तैयार किए जा रहे हैं. इन 955 बेड वाले आश्रय स्थलों में गर्म बिस्तर, कंबल, पीने का पानी, शौचालय और रूम हीटर दिए जाएंगे. इसके साथ ही रात में काम करने वाले डिलीवरी बॉयज व गिग वर्कर्स के लिए बने 2 एसी लाउंज को विंटर रेडी बनाया जाएगा, ताकि किसी को भी सड़क पर अलाव न जलाना पड़े.
C&D वेस्ट प्रबंधन व सफाई में बेहतर काम पर अंचल सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान A-PAG के विशेषज्ञों ने निर्माण व विध्वंश कचरे (C&D वेस्ट) के निपटारे और त्वरित कचरा उठाव के लिए पटना नगर निगम के मॉडल की तारीफ की. शिकायतों के त्वरित निष्पादन और प्रभावी प्रबंधन के लिए अजीमाबाद अंचल और नूतन राजधानी अंचल को पुरस्कृत भी किया गया. बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य नगर अभियंता, A-PAG की एसोसिएट डायरेक्टर कृतिका चौधरी, KCT ग्रुप की निताशा थापर व आगा खान फाउंडेशन के विशेषज्ञ उपस्थित रहे.
