पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Crime News : पटना जिले के पुनाईचक स्थित पोस्ट ऑफिस गली में 11 जुलाई को सातवीं कक्षा के छात्र आयुष की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने करीब एक माह बाद खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में हजारीबाग निवासी सुनील साव को गिरफ्तार किया है. पुलिस का आरोप है कि सुनील ने लड़की की तस्वीर डीपी में लगाकर छात्र से लड़की बनकर बातचीत शुरू की.
AI से छात्र की अश्लील तस्वीर बनाकर भेजा था
AI की मदद से छात्र की अश्लील तस्वीर तैयार कर उसे भेजा और तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग करने लगा. पुलिस के अनुसार लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर छात्र ने आत्महत्या कर ली. आरोपी को 14 अगस्त को हजारीबाग से गिरफ्तार किया गया और 15 अगस्त को पटना लाया गया.
दो बार में भेजे 2500 रुपये, आरोपी लगातार कर रहा था ब्लैकमेल
पुलिस जांच में सामने आया कि छात्र ने आरोपी को दो बार रुपये ट्रांसफर किये थे. पहली बार एक हजार रुपये और दूसरी बार 1500 रुपये भेजे गये. पुलिस का आरोप है कि रुपये मिलने के बाद भी आरोपी छात्र से कैश की मांग कर रहा था और उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था.
सचिवालय एसडीपीओ-1 डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि मोबाइल की तकनीकी जांच में छात्र और आरोपी के बीच लगातार बातचीत होने की जानकारी मिली है. पुलिस बातचीत, मोबाइल डेटा और रुपये के लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
घटना के दिन मोबाइल पर बात करते दिखा
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन CCTV फुटेज में छात्र घर से निकलकर मेन रोड की ओर जाता दिखाई दिया. इस दौरान वह मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रहा था. पुलिस का कहना है कि वह संभवतः किसी का इंतजार कर रहा था.
मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही
मामले की जांच में मोबाइल की तकनीकी जांच और CCTV फुटेज को अहम साक्ष्य माना जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की बात सामने आयी है. आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
Also Read: शराबबंदी को लेकर तेजस्वी यादव का सरकार पर तंज, बोले- बिहार में मिल रही हर ब्रांड की शराब
