Bihar News: कोर्ट में गवाही के लिए जल्द शुरू होगी ऑनलाइन ऐप सुविधा, लंबित केसों की सुनवाई में मिलेगी रफ्तार

Bihar News: बिहार में कोर्ट में गवाही की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने के लिए पुलिस महकमा जल्द ऑनलाइन एप की सुविधा शुरू करने जा रहा है. ‘मेडलीप पीआर’ एप के जरिए डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों की गवाही ऑनलाइन दर्ज होगी, जिससे लंबित मामलों का निपटारा तेजी से हो सकेगा.

Bihar News: बिहार में लंबित मुकदमों के निपटारे को गति देने के लिए पुलिस महकमा अब गवाही की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से आगे बढ़ाने जा रहा है. इसी कड़ी में ‘मेडलीप पीआर’ नामक विशेष ऐप को तैयार किया जा रहा है, जिसके जरिए डॉक्टरों और मेडिकल अधिकारियों की गवाही ऑनलाइन दर्ज कराई जाएगी.

डॉक्टरों की गवाही पर रहेगा खास फोकस

मुकदमों की सुनवाई में पोस्टमार्टम रिपोर्ट या इंज्यूरी रिपोर्ट तैयार करने वाले डॉक्टरों की पेशी अहम मानी जाती है. कोर्ट में बार-बार उनकी अनुपस्थिति मुकदमे की गति धीमी कर देती है. इस समस्या को दूर करने के लिए ऐप के जरिए डॉक्टर निर्धारित तारीख पर ऑनलाइन गवाही दे सकेंगे.

20 दिन में हो सकता है लॉन्च

पुलिस मुख्यालय ने संकेत दिया है कि ‘मेडलीप पीआर’ ऐप को अगले 20 दिनों में शुरू किया जा सकता है. ऐप से जुड़े डॉक्टरों और मेडिकल अधिकारियों को केस की तारीख पहले ही बता दी जाएगी. यदि वे कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पाते हैं तो ऐप के माध्यम से गवाही पूरी कर सकेंगे.

पुलिसकर्मियों की गवाही भी ऑनलाइन

पुलिसकर्मियों की सहूलियत को देखते हुए 2007 में एक पोर्टल विकसित किया गया था, जिसे अब फिर से सक्रिय किया जा रहा है. जिन पुलिसकर्मियों की तैनाती कोर्ट से दूर है, उनकी गवाही भी इसी पोर्टल से दर्ज की जाएगी. इस व्यवस्था से गवाही की बाधाएं खत्म होंगी और केस का निपटारा समय पर हो सकेगा.

लंबित मामलों के निपटारे में तेजी

अधिकारियों का मानना है कि गवाही ऑनलाइन होने से न सिर्फ केसों की सुनवाई समय पर पूरी होगी बल्कि दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया भी तेज होगी. इससे लंबित मामलों के बोझ को काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी.

Also Read: बिहार में शराब तस्करों का पुलिस पर हमला, पेट्रोलिंग के दौरान होमगार्ड जवान की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >