Patna Crime News : बिहटा थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव में 51 वर्षीय रामबाबू साव की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के पलटू छतनी गांव निवासी विक्की चौधरी के रूप में हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
इस मामले में विक्की चौधरी के पिता नंदू चौधरी भी नामजद आरोपी हैं, जो फिलहाल फरार हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
21 अगस्त को मिला था शव
बिहटा थानाध्यक्ष ने बताया कि 21 अगस्त की सुबह बनवारीपुर गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया.
मृतक की पत्नी उषा देवी के बयान पर मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पुलिस ने अनुसंधान के दौरान नामजद आरोपी विक्की चौधरी को गिरफ्तार किया.
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश का कारण सामने आया है. हालांकि, पुलिस हत्या के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि फरार नामजद आरोपी नंदू चौधरी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है.
