बिहार विधानसभा में जमकर हंगामा, वेल में पहुंचे राजद विधायक, जानें पूरा मामला

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में मंगलवार को चौकीदारों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद विधायक भाई वीरेंद्र के बीच तीखी नोकझोंक ने सदन का माहौल गरमा दिया. विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला, तो सत्ता पक्ष ने भी जोरदार पलटवार किया.

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में मंगलवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. मामला चौकीदारों पर हुए लाठीचार्ज से जुड़ा था. लेकिन बात इतनी बढ़ी कि मुख्यमंत्री और राजद विधायक आमने-सामने आ गए.

चौकीदार लाठीचार्ज पर विपक्ष का हमला

कार्यवाही शुरू होते ही राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने चौकीदारों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि चौकीदारों को बर्बरतापूर्वक पीटा गया. ऐसी सरकार नहीं चल सकती. उनके बयान के बाद विपक्षी विधायकों ने शोर-शराबा शुरू कर दिया.

विजय चौधरी का जवाब

विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए मंत्री विजय चौधरी खड़े हुए. उन्होंने कहा कि अगर सरकार नहीं चलेगी तो चौकीदारों की बात कौन सुनेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार प्रदर्शन के खिलाफ नहीं है. अगर सरकार रोकना चाहती तो प्रदर्शन ही नहीं होने देती. उन्होंने कहा कि सरकार मांगों पर विचार करेगी.

नीतीश कुमार का तीखा बयान

हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी खड़े हो गए. उन्होंने राजद विधायक भाई वीरेंद्र की ओर इशारा करते हुए कहा, “हमलोग 2002 हैं, आपलोग कितने हैं? बेकार का हो-हल्ला मत कीजिए. आप लोगों ने कभी कोई काम नहीं किया.” हालांकि बाद में साफ हुआ कि सीएम से सीटों की संख्या बोलने में गलती हो गई.

वेल में पहुंचे राजद विधायक

मुख्यमंत्री के बयान के बाद सदन का माहौल और गरमा गया. राजद विधायक वेल में पहुंच गए और “नीतीश होश में आओ” के नारे लगाने लगे. स्थिति बिगड़ती देख मार्शल को बुलाया गया. विधायकों की तख्तियां हटाई गईं. स्पीकर के बार-बार अनुरोध के बाद विपक्ष अपनी सीटों पर लौटा.

अमित शाह के दौरे पर सियासत

सदन के बाहर भी विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहा. पोर्टिको में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई. बुधवार को बिहार दौरे पर आ रहे गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भाई वीरेंद्र ने तीखी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि वे आग लगाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने आ रहे हैं. उनका आरोप था कि चुनाव आते ही वे एक्टिव हो जाते हैं.

हिना शहाब के सवाल पर नाराजगी

इसी बीच जब पत्रकारों ने हिना शहाब को लेकर सवाल पूछा तो भाई वीरेंद्र नाराज हो गए. वे माइक हटाते नजर आए. पहले वे हिना शहाब को राज्यसभा भेजने की वकालत कर चुके हैं. लेकिन इस बार सवाल पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.

Also Read: बिहार में बच्चों को मोबाइल चलाने पर लगेगी पाबंदी, जानिए नीतीश सरकार का क्या है प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >