Pension Yojana Bihar: 'जनता की मांग से भी आगे बढ़ी सरकार...' डिप्टी सीएम बोले- CM नीतीश ने पेंशन बढ़ाकर रचा इतिहास

Pension Yojana Bihar: बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन राशि ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 करने की घोषणा की है. यह नई राशि जुलाई से लागू होगी, जिससे राज्य के 1 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को सीधा फायदा मिलेगा. इस फैसले के बाद दोनों डिप्टी सीएम की प्रतिक्रिया आई है.

Pension Yojana Bihar: बिहार की नीतीश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगों की पेंशन में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है. अब तक मिलने वाले ₹400 मासिक पेंशन को बढ़ाकर ₹1100 कर दिया गया है. यह नई व्यवस्था जुलाई 2025 से लागू होगी और प्रत्येक लाभार्थी को हर महीने की 10 तारीख को बढ़ी हुई राशि उनके खाते में भेजी जाएगी.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाएं अब सम्मानजनक जीवन यापन के लिए ₹1100 की मासिक सहायता प्राप्त करेंगी. यह हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.”

1 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ

सरकार के मुताबिक, इस फैसले से राज्य के 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजन समाज का अमूल्य हिस्सा हैं और उनके जीवन को बेहतर बनाना सरकार की जिम्मेदारी है.

डिप्टी सीएम बोले- “ऐतिहासिक निर्णय, जनभावनाओं का सम्मान”

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इस फैसले को बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन बताया और कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनभावनाओं का सम्मान किया है. यह निर्णय जनता के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है.”

वहीं, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी सरकार की सराहना करते हुए कहा, “लोगों की मांग थी कि कम से कम ₹1000 पेंशन मिले, लेकिन सरकार ने उससे भी बढ़कर ₹1100 देने का निर्णय लिया है.”

हर पंचायत में बनेगा विवाह भवन

इसके साथ ही सरकार ने राज्य की हर पंचायत में विवाह भवन बनाने का भी फैसला लिया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी. बिहार सरकार के इन फैसलों को न सिर्फ सामाजिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र एक मजबूत राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है.

Also Read: पटना में पोस्टर वॉर: तेजस्वी के पोस्टर में लिखा ‘मेरा बाप चारा चोर है, चिराग को बताया जीजा फर्स्ट वाला…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >