Vijay Kumar Sinha Statement On Barh Four Friends Dies :पटना के बाढ़ अनुमंडल थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में कथित नॉनवेज पार्टी में जहरीला पेय पदार्थ पीने से चार युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ने और बाद में मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. घटना की सूचना मिलने के बाद कृषि मंत्री विजय सिन्हा मृतकों के परिजनों से मिलने गांव पहुंचे. इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिया.
इस गांव से विजय सिन्हा ने की थी पढ़ाई
मौके पर मीडिया से बातचीत में कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि बेढ़ना गांव से उनका भावनात्मक जुड़ाव है. उन्होंने बताया कि इसी गांव के स्कूल से उन्होंने पढ़ाई की है. उन्होंने कहा कि इस तरह का माहौल और वातावरण गलत है.
जहरीला पेय पदार्थ पीने की बात आई सामने
मंत्री ने कहा कि लोगों की ओर से यह बात सामने आ रही है कि जहरीला पेय जैसा कोई पदार्थ मिला था और चारों युवकों ने उसका सेवन किया था. हालांकि, इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
पोस्टमार्टम से होगा खुलासा
विजय सिन्हा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होगी और जांच के आधार पर प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा. यदि जांच में जहरीला पेय पदार्थ से मौत की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए बाढ़ के एसडीएम को आवश्यक निर्देश दिए हैं.
चारों युवकों की इलाज के दौरान हुई मौत
जानकारी के अनुसार चारों की अचानक तबीयत बिगड़ गई और देखते ही देखते सभी बेहोश हो गए. इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.
रास्ते में हुई मौत
पटना ले जाने के दौरान इलाज के क्रम में चारों की मौत हो गई. मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. इसके बाद लोगों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को जाम कर हंगामा किया.
ड्यूटी और रेफर करने की प्रक्रिया की भी होगी जांच
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि इस मामले को लेकर उनकी एसडीएम(SDM )और डीएम (DM) से बात हुई है. उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि चारों युवकों के परिवार हैं और मौत के बाद उन्हें मदद मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि परिवार को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी और आगे की प्रक्रिया भी की जाएगी.
एनटीपीसी में चारों करते थे काम
विजय सिन्हा ने बताया कि चारों दोस्त एनटीपीसी में काम करते थे. मंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव से भी उनकी बात हुई है. उन्होंने पूछा है कि घटना के समय ड्यूटी पीरियड में कौन था और मरीजों को रेफर करने का काम किसने किया. इन सभी बिंदुओं की जानकारी ली जाएगी.
मंत्री ने यह भी कहा कि रास्ते में मौत हुई है, तो इसकी भी जांच कराई जाएगी. आगे उन्होंने कहा कि पूरे मामले में सरकार कार्रवाई करेगी और जो लोग इस तरह का काम कर रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.
जहरीला पदार्थ की पुष्टि हुई तो मिलेगा 4 लाख का मुआवजा
मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने समय में जहरीला पेय पदार्थ से मौत होने पर 4 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया था. उन्होंने कहा कि अगर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शराब की बात सामने आती है, तो मृतकों के परिवारों को यह मुआवजा मिलेगा.
उन्होंने कहा कि अगर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शराब की पुष्टि नहीं होती है, तब भी मृतकों के परिवारों की मदद की जाएगी. इसके लिए मुख्यमंत्री से बात की जाएगी और परिवारों को सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
अधिकारियों पर आरोप को लेकर भी बोले मंत्री
घटना के बाद प्रशासन पर परिजनों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भी कृषि मंत्री ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि वर्तमान अधिकारी नए हैं और तीन दिन पहले ही आए हैं. ऐसे में जो भी लोग दोषी होंगे, उनकी पूरी जांच की जाएगी और जांच के आधार पर कार्रवाई होगी.
फिलहाल चार युवकों की मौत के बाद पूरे मामले की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है. मंत्री ने स्पष्ट कहा कि रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
