चिट फंड कंपनी में सैकड़ों लोगों से लाखों की ठगी

परसा बाजार थाना क्षेत्र में संचालित एक चिट फंड कंपनी दिव्य धारा लिमिटेड के खिलाफ सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है.

प्रतिनिधि, फुलवारीशरीफ परसा बाजार थाना क्षेत्र में संचालित एक चिट फंड कंपनी दिव्य धारा लिमिटेड के खिलाफ सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. न्यू एतवारपुर निवासी बैजू कुमार की शिकायत के बाद परसा बाजार थाना में यह मामला दर्ज हुआ है. इस मामले में मनोज और बबलू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपितों में मुकेश कुमार, साहील कुमार, अमित कुमार और इन्द्रजीत हैं. बैजू कुमार ने बताया कि कंपनी ने बैंक की तरह पैसा जमा कर मुनाफा देने का वादा किया था, लेकिन समय आने पर न तो पैसा लौटाया गया और न ही कोई लाभ दिया गया. उनका खुद का 51,000 जमा था, जिसमें से सिर्फ 5,000 ही वापस मिले हैं. जब उन्होंने पैसा मांगा तो कंपनी के कर्मचारी साहिल कुमार और मुकेश कुमार ने गाली-गलौज और मारपीट कर उन्हें कार्यालय से भगा दिया.उन्होंने बताया कि कंपनी दिव्य धारा लिमिटेड पिलर नंबर 44 के पास कुमार मार्केट में तीसरी मंजिल पर पिछले दो वर्षों से संचालित हो रही थी. परसा बाजार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मेनका रानी ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनोज और बबलू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अब तक करीब 29 लोग थाना पहुंचकर आवेदन दे चुके हैं, जबकि अंदेशा जताया जा रहा है कि करीब 200 से 250 लोग इस ठगी के शिकार हो सकते हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और कितने लोगों से पैसा जमा कराया गया है. फिलहाल अन्य पीड़ितों की पहचान और कंपनी के गोरखधंधे की छानबीन जारी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यदि इस कंपनी के झांसे में आए हैं तो शिकायत दर्ज कराएं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mahesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >