Patna News : मनेर थाना क्षेत्र के भतहेरी गांव स्थित एक घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने करीब तीन से चार लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए. घटना के समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे. चोरों ने इसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद पीड़ित महिला ने मनेर थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
बक्से और अलमारी का लॉकर तोड़कर उड़ाए गहने
बताया जाता है कि बांक पंचायत के भतहेरी गांव निवासी गोरखनाथ के घर में रात के समय अज्ञात चोर किसी तरह प्रवेश कर गए. घर के सभी सदस्यों के सोने का फायदा उठाकर चोरों ने कमरे में रखे बक्से और अलमारी के लॉकर को तोड़ दिया. इसके बाद उसमें रखे करीब तीन से चार लाख रुपये के सोने और चांदी के गहने लेकर फरार हो गए.
सुबह जागने पर बिखरा मिला सामान
घर के लोगों की नींद खुलने पर उन्हें कमरे का सामान बिखरा मिला. जांच करने पर बक्से और अलमारी के लॉकर टूटे मिले और सोने-चांदी के गहने गायब थे. घर का मुख्य दरवाजा भी खुला हुआ था. इसके बाद गोरखनाथ की पत्नी मीना देवी मनेर थाने पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
