Masaurhi Teacher Murder: नगर के कैलुचक-बरनी रोड निवासी शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी हत्याकांड में पुलिस ने गुरुवार की देर शाम मुख्य आरोपित मंटु कुमार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे मसौढ़ी थाना लेकर आयी, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. हालांकि, पुलिस फिलहाल गिरफ्तारी या पूछताछ को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से परहेज कर रही है.
पटना से पहुंची एफएसएल की टीम
बताया जाता है कि गुरुवार की देर शाम पटना से एफएसएल की टीम भी मसौढ़ी पहुंची और मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मंटु से पूछताछ को माना जा रहा अहम
मंटु से पूछताछ को पुलिस की जांच में अहम माना जा रहा है. पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि शिक्षिका की हत्या में उसकी क्या भूमिका थी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में उससे क्या जानकारी मिलती है. अब पुलिस की पूछताछ में मंटु क्या खुलासा करता है, इस पर सबकी नजर है.
प्रधान शिक्षक समेत चार लोगों पर प्राथमिकी
गौरतलब है कि लक्ष्मी कुमारी की एक सितंबर की रात हत्या कर दी गयी थी. उनके पति ज्ञानचंद चौधरी ने बाद में प्राथमिकी दर्ज कराकर विद्यालय के प्रधान शिक्षक ब्रजेश कुमार समेत चार लोगों को नामजद किया था. पुलिस प्रधान शिक्षक ब्रजेश कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
प्रताड़ित करने और धमकी देने का लगाया गया आरोप
प्राथमिकी में शिक्षिका को प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और धमकी देने समेत कई आरोप लगाये गये थे. घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटा चुकी है.
