बिहार में रेल यात्रियों के लिए राहत: अब 22 नहीं, इतने कोच की होंगी ट्रेनें, 9600 यात्रियों को सीधा फायदा

भारतीय रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को कम करने के लिए मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में दो अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला किया है. इससे प्रति ट्रेन 160 यात्रियों को अतिरिक्त सीट मिलेगी, जिससे कुल 9,600 यात्रियों को लाभ होगा. यह सुविधा अगले दो महीनों में चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी.

Train Facility Increased : पटना सहित पूरे बिहार के रेलवे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और वेटिंग को देखते हुए मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में दो अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है. इसके तहत पूर्व मध्य रेलवे (पूमरे) समेत सभी जोन की प्रमुख मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ायी जायेगी.

मेल व एक्प्रेस में लगेंगे दो अतिरिक्त कोच

रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में पूर्व मध्य रेलवे समेत सभी क्षेत्रीय जोनल रेलवे को निर्देश जारी कर दिया है. इसके बाद दानापुर मंडल सहित पूमरे की कई ट्रेनों में 22 की जगह 24 कोच किये जाने की तैयारी शुरू हो गयी है. यांत्रिकी विभाग को आवश्यक तैयारियां करने का निर्देश दिया गया है.

संपूर्णक्रांति और तेजस राजधानी में हो चुका ट्रायल

रेलवे सूत्रों के अनुसार, पटना से गुजरने वाली संपूर्णक्रांति, तेजस राजधानी समेत कुछ प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का ट्रायल किया जा चुका है. ट्रायल सफल रहने के बाद अब मेल-एक्सप्रेस और अन्य प्रमुख नियमित ट्रेनों में कोच बढ़ाने की तैयारी की जा रही है.

दो अतिरिक्त कोच लगने से एक ट्रेन में करीब 160 अतिरिक्त यात्री सफर कर सकेंगे. इससे खासकर गर्मी, सर्दी और त्योहारों के दौरान यात्रियों को टिकट मिलने में राहत मिलने की उम्मीद है.

60 ट्रेनों में बढ़ेंगे कोच, 9,600 यात्रियों को फायदा

पूर्व मध्य रेलवे के पांचों मंडलों से करीब 87 जोड़ी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन होता है. इनमें करीब 27 सुपरफास्ट ट्रेनों में पहले ही अतिरिक्त कोच लगाये जा चुके हैं. अब बाकी करीब 60 मेल-एक्सप्रेस और अन्य प्रमुख नियमित स्पेशल ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच बढ़ाने की योजना है.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रत्येक ट्रेन में दो कोच बढ़ने से करीब 160 अतिरिक्त यात्रियों को सीट मिल सकेगी. इस हिसाब से 60 ट्रेनों में करीब 9,600 अतिरिक्त यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

100-150 की वेटिंग घटकर 20-25 तक आने की उम्मीद

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जिन ट्रेनों में सालभर यात्रियों की भीड़ अधिक रहती है, उनमें सबसे पहले अतिरिक्त कोच लगाये जायेंगे. इसके बाद जरूरत के अनुसार अन्य ट्रेनों में भी कोच बढ़ाये जा सकते हैं.

अधिकारियों का मानना है कि दो अतिरिक्त कोच लगने से प्रमुख ट्रेनों की वेटिंग काफी हद तक कम हो सकती है. भीड़भाड़ के दिनों में जहां कई ट्रेनों में वेटिंग 100 से 150 तक पहुंच जाती है, वहीं अतिरिक्त कोच लगने के बाद यह घटकर करीब 20 से 25 तक आ सकती है. कुछ ट्रेनों में वेटिंग पूरी तरह खत्म होने की भी संभावना है.

एसी-3 और स्लीपर यात्रियों को सबसे अधिक राहत

जिस श्रेणी के दो अतिरिक्त कोच लगाये जायेंगे, उस श्रेणी के करीब 160 यात्रियों को सीधे फायदा होगा. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यदि एसी थ्री के दो कोच बढ़ाये जाते हैं तो इस श्रेणी में वेटिंग लगभग खत्म हो सकती है. वर्तमान में एसी-3 में सामान्य तौर पर 60 से 70 तक वेटिंग पहुंच जाती है.

अगले दो महीने के भीतर मिलने लगेगी सुविधा

वहीं स्लीपर क्लास में भी भीड़ के दिनों में वेटिंग 100 से 150 तक चली जाती है. दो अतिरिक्त कोच जुड़ने से स्लीपर यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. रेलवे सूत्रों के अनुसार, तैयारियां पूरी होने के बाद अगले दो महीने के भीतर चरणबद्ध तरीके से ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की सुविधा शुरू की जा सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंंद तिवारी

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >