'जेल का ताला टूटेगा, रौशन सर छूटेगा…', हजारों की संख्या में पटना की सड़कों पर उतरे छात्र, खान सर हाय-हाय के भी लगे नारे

Khan Sir Coaching Attack: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए फायरिंग विवाद में नया मोड़ आ गया है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फायरिंग करते दिख रहे दोनों गार्ड्स से पूछताछ की है और उनके हथियार जब्त कर लिए हैं. वहीं रौशन सर के समर्थन में छात्र सड़क पर उतर आए हैं.

Khan Sir Coaching Attack: खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले में अब नया मोड़ आ गया है. ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी कथित फायरिंग वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. वीडियो में फायरिंग करते दिख रहे दोनों गार्ड्स को पूछताछ के लिए कदमकुआं थाना बुलाया गया, जहां उनसे करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों गार्ड्स के हथियार भी जब्त कर लिए हैं. अब इन हथियारों का सत्यापन और तकनीकी जांच कराई जाएगी.

वहीं रौशन सर की रिहाई को लेकर छात्र सड़क पर उतर आए हैं. हजारों की संख्या में पटना के कारगिल चौक पहुंचे छात्र खान सर हाय-हाय और जेल का ताला टूटेगा रौशन सर छूटेगा जैसे नारे लगा रहे हैं.

वीडियो के आधार पर दर्ज हुई नई FIR

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद कदमकुआं थाने में एक नई प्राथमिकी दर्ज की गई है. वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों और हथियारों के इस्तेमाल की जांच की जा रही है. पूछताछ के बाद दोनों गार्ड्स को मेडिकल जांच के लिए भी भेजा गया.

खान सर के दोनों गार्ड को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया

खान सर की गिरफ्तारी की मांग तेज

वहीं कारगिल चौक पर रौशन सर के समर्थन में सैकड़ों छात्र जमा हो गए हैं. ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई की मांग कर रहे हैं. बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थी नारेबाजी कर रहे हैं. छात्रों द्वारा रौशन आनन्द को निर्दोष बताया जा रहा है. साथ ही खान सर की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है. वहीं छात्र नारे लगा रहे हैं कि जेल का ताला टूटेगा रौशन सर छूटेगा.

रौशन सर के समर्थन में सड़क पर उतरे छात्र

पुलिस ने बताया- खान सर से भी हुई है पूछताछ

वहीं मौके पर पहुंचे टाउन डीएसपी 1 राजेश रंजन ने कहा कि यह तमाम छात्र रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर के यहां कैंडल मार्च करने पहुंचे थे. इस मामले में आज दो गार्ड को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि खान सर से पूछताछ हुई है. आगे जो कुछ भी निकलेगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

मौके पर पहुंचे टाउन डीएसपी 1 राजेश रंजन

ज्ञान बिंदु कोचिंग ने जारी किया वीडियो

गुरुवार को ज्ञान बिंदु कोचिंग टीम के आदर्श कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक वीडियो जारी किया. उन्होंने दावा किया कि विवाद के दौरान फायरिंग खान सर के गार्ड्स ने की थी. आदर्श कुमार ने आरोप लगाया कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी. उन्होंने सवाल उठाया कि वीडियो में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं, फिर उनकी गिरफ्तारी किस आधार पर की गई. साथ ही उन्होंने खान सर की गिरफ्तारी की मांग भी की.

2 जून की रात क्या हुआ था?

2 जून की रात करीब 10 बजे खान सर के कोचिंग सेंटर पर हंगामा हुआ था. आरोप है कि कुछ लोगों ने वहां मौजूद गार्ड के साथ मारपीट की, पत्थरबाजी की और कोचिंग सेंटर के पोस्टर-बैनर फाड़ दिए. घटना के बाद मौके पर पहुंचे खान सर ने शुरुआत में 8 से 10 राउंड फायरिंग होने का दावा किया था. हालांकि बाद में वे इस बयान से पलटते नजर आए. इसके बाद उनकी ओर से ज्ञान बिंदु कोचिंग पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई.

रौशन आनंद पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल

इस मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है और घटना से उनका कोई संबंध नहीं है.

Also Read: खान सर के दो लोगों को पुलिस ने उठाया, फायरिंग वाले वीडियो ने पलटा पूरा मामला? जांच में आया नया मोड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >