पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Patna Secretariat Job Scam : पटना में मुख्य सचिव का नाम लेकर सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को साइबर थाना और दानापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर 10 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की ठगी करने का आरोप है. पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं और मामले की जांच जारी है.
Patna Secretariat Job Scam : मुख्य सचिव का नाम लेकर लोगों को बनाते थे निशाना
पटना में साइबर थाना और दानापुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार और पप्पू कुमार के रूप में हुई है. दोनों दानापुर के रहने वाले बताए गए हैं.
सचिवालय में नौकरी दिलाने का देते थे झांसा
पुलिस के अनुसार, आरोपी मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत का नाम लेकर लोगों को सचिवालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते थे. झांसे में आने वाले लोगों से वे 10 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक एडवांस के नाम पर वसूल लेते थे.
Patan Cyber Crime : मोबाइल में सेव किया था मुख्य सचिव का नाम
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन में मुख्य सचिव का नंबर सेव कर रखा था. इसके अलावा एक अन्य नंबर को भी मुख्य सचिव के नाम से सेव किया गया था. इसी नंबर से चैट कर लोगों को यह विश्वास दिलाया जाता था कि उनकी बातचीत सीधे मुख्य सचिव से हो रही है. इसके बाद नौकरी पक्की कराने के नाम पर रुपये मांगे जाते थे.
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
कुछ पीड़ितों ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दानापुर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
सचिवालय कर्मी की संलिप्तता की चर्चा निकली गलत
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि सचिवालय का एक कर्मचारी भी इस ठगी गिरोह से जुड़ा हो सकता है. हालांकि सत्यापन के बाद यह सूचना गलत पाई गई. पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
