Jitan Ram Manjhi: हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक बार फिर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान पर हमला बोला है. पटना के विद्यापति भवन में पार्टी की राज्य परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए मांझी ने बिना नाम लिए चिराग पासवान पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग खुद को दलितों और आरक्षण का हितैषी बताते हैं, लेकिन वे सिर्फ नाखून काटकर शहीद का दर्जा लेना चाहते हैं. मांझी ने कहा कि दलित समाज की हालत आज भी वैसी ही बनी हुई है.
बीजेपी से नाराजगी और सीटों को लेकर छलका दर्द
इस कार्यक्रम के दौरान जीतन राम मांझी का अपनी ही सहयोगी पार्टी बीजेपी के खिलाफ भी दर्द छलका. विधानसभा सीटों के बंटवारे को लेकर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव में सीटों के नाम पर सिर्फ एक झुनझुना थमा दिया गया. उन्होंने चिराग पासवान की तरफ इशारा करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने सरकार के खिलाफ बयानबाजी की और दबाव बनाकर ज्यादा सीटें हासिल कर लीं.
चंद्रशेखर आजाद की तारीफ और बेटे को नसीहत
जीतन राम मांझी ने अपने भाषण में नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि आज के समय में संसद के अंदर दलितों के हक में कोई दूसरा नेता नहीं बोलता, सिर्फ चंद्रशेखर आजाद ही मजबूती से दलितों की आवाज उठाते हैं. इसके साथ ही उन्होंने मंच से अपने बेटे संतोष सुमन को भी नसीहत दी. मांझी ने कहा कि उनका बेटा फिलहाल मुद्दे की राजनीति नहीं कर रहा है, जबकि आगे बढ़ने के लिए मुद्दों पर बात करना बेहद जरूरी है. अगर पार्टी मुद्दों पर काम करेगी, तो शीर्ष पर पहुंच जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
दलितों को बौद्ध बनने की सलाह और सम्राट चौधरी का बचाव
दलित समाज को एकजुट होने का संदेश देते हुए केंद्रीय मंत्री ने एक बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अगर समाज में जाति का बंधन नहीं टूट पा रहा है, तो हिंदू समाज के लोगों को बुद्धिस्ट (बौद्ध) हो जाना चाहिए. उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बचाव किया. मांझी ने कहा कि सम्राट चौधरी आजकल कुछ लोगों की आंख का कांटा बने हुए हैं और उनकी पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई पर जानबूझकर विशेष सवाल उठाए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में 130 करोड़ की लागत से बनेगा नया बाइपास, यूपी और सबेया एयरपोर्ट जाना होगा आसान
बिहार में फेल होने के कगार पर यह योजना, 10 साल में नहीं बदला हाल, सरकार ने मांगी अंतिम रिपोर्ट
