एयरफोर्स के रिटायर्ड सार्जेंट के घर से 20 लाख के गहने व चार लाख नकद की चोरी

पटेल नगर स्थित गोकुल पथ में चोरों ने एयरफोर्स के रिटायर्ड सार्जेंट प्रशांत कुमार के घर से करीब 20 लाख के गहने व चार लाख नकद की चोरी कर ली. सारा परिवार सोमवार की सुबह साढ़े चार बजे सुबह का अर्घ देने के लिए गंगा घाट गया था.

पटना.शास्त्रीनगर थाने के पटेल नगर स्थित गोकुल पथ में चोरों ने एयरफोर्स के रिटायर्ड सार्जेंट प्रशांत कुमार के घर से करीब 20 लाख के गहने व चार लाख नकद की चोरी कर ली. प्रशांत के पिता अरुण कुमार सिंह दामोदर वैली कॉरपोरेशन से रिटायर हुए हैं. बताया जाता है कि सारा परिवार सोमवार की सुबह साढ़े चार बजे सुबह का अर्घ देने के लिए गंगा घाट गया था. वहां से जब वे लोग करीब आठ बजे लौटे, तो पाया कि सारे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था. जब जानकारी ली, तो 20 लाख के गहने व चार लाख नकद गायब थे. इसके बाद डायल 112 को घटना की जानकारी दी गयी. पुलिस पहुंची और मामले की जांच की. प्रशांत के लिखित बयान पर शास्त्रीनगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ में केस दर्ज किया गया है.

बालकनी से घर के अंदर घुसे चोर :

प्रशांत पूरे परिवार के साथ मकान के दूसरे तल्ले पर रहते हैं. अन्य फ्लैट में किरायेदार रहते हैं और कुछ भाग में निर्माण चल रहा है. चोर रस्सी की मदद से बालकनी में पहुंचे और ग्रिल के ताले को तोड़ कर घर के अंदर घुस कर एक-एक कमरे को खंगाल दिया. कमरे में रखे अलमारी के लॉक को तोड़ कर गहने व नकद चुरा लिया और फिर रस्सी के सहारे उतर कर भाग गये. घर में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है. इस मामले में पुलिस को किसी करीबी पर शक है. पुलिस जांच में लगी है. मालूम हो कि हाल के दिनों में शास्त्रीनगर थाना इलाके में दो माह में करीब आधा दर्जन घरों में चोरी की घटनाओं को चोरों ने अंजाम दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >