Patna News : (संजय कुमार) दानापुर नगर के तकिया स्थित प्रसिद्ध सूफी स्थल तकिया जमालशाह अनजान बाबा के सालाना उर्स का आयोजन 4 जून को श्रद्धा और अकीदत के साथ किया जाएगा. उर्स के मौके पर चादरपोशी, फातेहा खानी, कुल शरीफ और महफिल-ए-समा (कव्वाली) का विशेष आयोजन होगा.
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव, मंत्री मोहम्मद जमा खान, विधान पार्षद प्रो. गुलाम गौस तथा बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो. इरशादुल्ला द्वारा किया जाएगा.
यूपी के प्रसिद्ध कव्वाल देंगे प्रस्तुती
तकिया जमालशाह अनजान बाबा मुस्लिम समुदाय की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है. यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल हज़रत जमाल शाह अनजान बाबा की मजार शरीफ और जमालशाह कर्बला के लिए प्रसिद्ध है. उर्स के अवसर पर कुरआनखानी, कुलशरीफ, चादरपोशी और फातेहाखानी के बाद महफिल-ए-समा का आयोजन किया जाएगा. इस मौके पर यूपी के प्रसिद्ध कव्वाल हाजी तसवीन आसिफ और मशहूर कव्वाली गायिका शबनम वारसी अपनी प्रस्तुति देंगी.
अकीदतमंदों के बीच लंगर का भी आयोजन
तकिया जमालशाह कमेटी के सचिव मौलवी हसन उर्फ मख्खन ने बताया कि कई दशकों से अनजान बाबा का उर्स पूरे अकीदत और परंपरा के साथ मनाया जाता रहा है. बड़ी संख्या में अकीदतमंद मजार शरीफ पर पहुंचकर दुआ में शामिल होते हैं. उन्होंने कहा कि हर वर्ष उर्स के अवसर पर कव्वाली कार्यक्रम आयोजित किया जाता है और लोगों की गहरी आस्था है कि मजार शरीफ पर सच्चे दिल से मांगी गई दुआ जरूर कबूल होती है. कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. साथ ही अकीदतमंदों के बीच लंगर का भी आयोजन किया जाएगा.
ALSO READ: पटना में चलती कार में दोस्तों ने युवक को मारी गोली, गाड़ी पर लगा है ‘ भारत सरकार GST’ का नेम प्लेट
