Patna News : राजधानी पटना में सड़क दुर्घटना में घायल बिहटा के जागरण कलाकार राजबली की इलाज के दौरान मौत हो गयी. उनकी मौत की खबर मिलते ही बिहटा के कलाकारों और जागरण परिवारों में शोक की लहर दौड़ गयी. राजबली बिहटा प्रखंड के ईंटवा गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में नौबतपुर प्रखंड के भगवानपुर में रह रहे थे.
कार्यक्रम में जाने के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि 10 सितंबर को राजबली ऑटो से एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान पालीगंज थाना क्षेत्र के महाबलीपुर के आसपास सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 21 सितंबर को उनकी मौत हो गयी.
कई जागरण परिवारों से जुड़े थे राजबली
राजबली बिहटा शीतला माता जागरण परिवार, दिलावरपुर खैरो माता जागरण परिवार और माता वन देवी जागरण परिवार से जुड़े हुए थे. उनके निधन की सूचना के बाद मंगलवार को कलाकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की.
कलाकारों ने दी श्रद्धांजलि
रिंकू पाठक के सानिध्य में सतेंद्र शर्मा, राजेश कुमार, संजय शर्मा समेत कई लोगों ने राजबली को श्रद्धांजलि अर्पित की. लोगों ने कहा कि राजबली के निधन से जागरण और सांस्कृतिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है. उनके निधन से कलाकारों और जागरण से जुड़े लोगों में गहरा शोक है.
