हो जाएं तैयार, मई में घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम, पूछे जाएंगे 33 सवाल

Census 2027: भारत की जनगणना 2027 की प्रक्रिया अप्रैल 2026 से शुरू होगी. फर्स्ट फेज में खुद से फॉर्म भरना और फिर मई में घर-घर सर्वे किया जाएगा. 33 सवालों में घर, परिवार और सुविधाओं की जानकारी ली जाएगी.

Census 2027: भारत की जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने इस संबंध में जानकारी जारी की है. इस बार जनगणना की प्रक्रिया दो चरणों में होगी. फर्स्ट फेज में हाउस लिस्टिंग का काम होगा और इसके बाद जनगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

खुद से फॉर्म भरने की सुविधा 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी. इस दौरान लोग खुद ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी भर सकेंगे. इसके बाद 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक घर-घर सर्वे किया जाएगा. इस दौरान गणना करने वाले हर घर जाकर जानकारी इकट्ठा करेंगे.

कितने सवाल पूछे जाएंगे

2 मई से 31 मई 2026 के बीच लोगों से कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे. इन सवालों का सही और स्पष्ट जवाब देना अनिवार्य होगा. सबसे पहले घर से जुड़े सवाल होंगे, जैसे मकान नंबर, मकान की स्थिति, दीवार और छत की सामग्री, घर का उपयोग और फर्श की स्थिति आदि.

इसके बाद परिवार से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे. इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, घर में रहने वाले लोगों की जानकारी, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग और जाति (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य) जैसी जानकारी ली जाएगी. साथ ही यह भी पूछा जाएगा कि घर अपना है या किराए का, कितने कमरे हैं और कितने विवाहित परिवार उसमें रहते हैं.

घर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल भी शामिल हैं. जैसे पीने के पानी का सोर्स, शौचालय है या नहीं, बिजली की सुविधा, खाना पकाने का ईंधन और गंदे पानी के निकालने की व्यवस्था. इसके अलावा घरेलू समानों की जानकारी भी ली जाएगी. जैसे घर में रेडियो, टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप या कंप्यूटर, मोबाइल फोन, साइकिल, मोटरसाइकिल, कार है या नहीं. मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जाएगा, लेकिन यह केवल जनगणना से जुड़ी सूचना के लिए होगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

सरकार ने क्या अपील की

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे सही जानकारी दें, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके. जनगणना से मिली जानकारी के आधार पर सरकार विकास योजनाएं बनाती है. अगर किसी को शिकायत या सुझाव देना हो तो टोल फ्री नंबर 1800-345-6215 पर संपर्क किया जा सकता है.

इसे भी पढ़ें:  बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD का अलर्ट जारी

रिटायरमेंट के बाद भी IPS लेटर पैड का मोह, फंस सकते हैं अमिताभ, जानें पूरा मामला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >