Bihar Rain Alert: पूरे बिहार में आज से मौसम का मिजाज फिर बिगड़ने वाला है. लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग की ओर से पूरे बिहार में तेज आंधी के साथ बादल गरजने और बारिश होने की संभावना जताई गई है. विभाग की ओर से बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि बाकी के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इन 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग की ओर से 6 जिलों में गुरुवार को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. उन जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका शामिल है. बारिश के अलावा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और ठनका गिरने की भी संभावना है. गुरुवार को 16 जिलों में बारिश से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकेगी. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बुधवार को दिन में सबसे अधिक तापमान डेहरी में 43.1 डिग्री दर्ज किया गया.
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की माने तो, राजधानी पटना और इसके आस-पास के इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. दोपहर या शाम तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके साथ ही बादल गरजने और बारिश होने की भी संभावना है. इस तरह से दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है. बाकी के जिलों में भी धूल भरी आंधी चल सकती है.
अगले एक सप्ताह तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, एक जून तक दिन के अधिकतम तापमान में क्रमिक गिरावट होने की संभावना है. इस तरह से तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिल सकेगी. मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि अगले एक सप्ताह तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. यानी कि तापमान सामान्य होने से लोगों को लू से राहत मिलेगी. लेकिन कुछ जगहों पर बारिश के बाद उमस वाली गर्मी परेशान कर सकती है.
Also Read: टीआरई-4 में इतने हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, जुलाई में जारी होगा नोटिफिकेशन
