नीतीश के भरोसेमंद IAS चंचल कुमार को मिली बड़ी जिम्मेदारी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में बने सेक्रेटरी

IAS Chanchal Kumar: IAS अधिकारी चंचल कुमार को केंद्र सरकार ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का नया सचिव नियुक्त किया है. लंबे समय तक नीतीश कुमार के प्रधान सचिव रहे चंचल कुमार को यह अहम जिम्मेदारी मिलने से प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.

IAS Chanchal Kumar: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी चंचल कुमार को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है. मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई. उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है.

पूर्वोत्तर मंत्रालय से I&B तक का सफर

1992 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी चंचल कुमार फिलहाल पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत थे. अब उन्हें देश के महत्वपूर्ण मंत्रालयों में से एक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है. यह मंत्रालय देश में मीडिया, प्रसारण और सूचना तंत्र से जुड़े बड़े फैसले लेता है, ऐसे में उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है.

नीतीश कुमार के भरोसेमंद अधिकारी रहे

चंचल कुमार का नाम बिहार प्रशासन में लंबे समय तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद अधिकारियों में गिना जाता रहा है. वे नीतीश कुमार के पहले कार्यकाल से ही उनके साथ जुड़े रहे और जनवरी 2022 तक मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में काम करते रहे. इस दौरान उन्होंने कई अहम नीतिगत फैसलों और प्रशासनिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का अनुभव

जनवरी 2022 के बाद चंचल कुमार केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर चले गए. यहां उन्हें सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के तहत कार्यरत नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) का प्रबंध निदेशक बनाया गया था. इसके बाद उन्होंने पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई.

लंबा प्रशासनिक अनुभव, कई अहम जिम्मेदारियां

करीब तीन दशकों के प्रशासनिक अनुभव के साथ चंचल कुमार ने राज्य और केंद्र दोनों स्तरों पर कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है. उनकी पहचान एक कुशल और अनुभवी प्रशासक के रूप में होती है, जो जटिल परियोजनाओं को सफलतापूर्वक संभालने के लिए जाने जाते हैं.

2029 में होंगे रिटायर्ड

जानकारी के मुताबिक, चंचल कुमार जुलाई 2029 में सेवा से रिटायर्ड होंगे. ऐसे में उनके पास अभी भी कई साल का अनुभव और नेतृत्व देने का मौका है. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय देश की मीडिया नीति, प्रसारण व्यवस्था और डिजिटल कंटेंट से जुड़े फैसलों का केंद्र है. ऐसे में चंचल कुमार की नियुक्ति को एक रणनीतिक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

Also Read: पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से लूट का CCTV फूटेज देखिए, 4 बदमाशों ने हथियार के दम पर कैसे उड़ाए लाखों के जेवर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >