पटना से हिमांशु देव की रिपोर्ट
Patna Holding Mutation : राजधानी पटना में होल्डिंग म्यूटेशन की धीमी प्रक्रिया लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है. पटना नगर निगम के छह अंचलों में 35 दिनों से अधिक समय से 679 आवेदन लंबित हैं. इनमें 79 मामले ऐसे हैं, जो 500 दिनों से भी अधिक समय से अटके हुए हैं. सबसे अधिक लंबित आवेदन पाटलिपुत्र, बांकीपुर और कंकड़बाग अंचलों में दर्ज किए गए हैं.
Patna Holding Mutation : होल्डिंग म्यूटेशन में बढ़ी देरी, लोग परेशान
जानकारी अनुसार पटना नगर निगम में होल्डिंग म्यूटेशन की प्रक्रिया अपेक्षित गति से पूरी नहीं हो रही है. इसके कारण संपत्ति के हस्तांतरण, प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान और नगर निगम से जुड़े अन्य कार्यों में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. पुराने मामलों के लंबित रहने से नए आवेदनों के निपटारे पर भी असर पड़ रहा है.
Patna News : 679 आवेदन 35 दिन से अधिक समय से लंबित
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, 35 दिनों से अधिक समय से 679 आवेदन लंबित हैं. इनमें 36 से 100 दिनों के 262 आवेदन, 101 से 300 दिनों के 237 आवेदन, 301 से 500 दिनों के 101 आवेदन और 500 दिनों से अधिक समय से लंबित 79 आवेदन शामिल हैं. वहीं 0 से 35 दिनों के भीतर प्रक्रिया में 619 आवेदन हैं.
79 मामलों में 500 दिन से ज्यादा की देरी
सबसे अधिक चिंता उन 79 आवेदनों को लेकर है, जो 500 दिनों से भी अधिक समय से लंबित हैं. इतनी लंबी देरी से आवेदकों को होल्डिंग ट्रांसफर, कर भुगतान और अन्य प्रशासनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पाटलिपुत्र, बांकीपुर और कंकड़बाग सबसे पीछे
अंचलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पाटलिपुत्र अंचल में सबसे अधिक 174 आवेदन लंबित हैं. इसके बाद बांकीपुर और कंकड़बाग में 170-170 आवेदन 35 दिनों से अधिक समय से लंबित हैं. वहीं अजीमाबाद में 147, न्यू कैपिटल में 13 और पटना सिटी में केवल 5 आवेदन लंबित हैं.
35 दिन से अधिक लंबित आवेदन (अंचलवार)
अंचल लंबित आवेदन
- पाटलिपुत्र 174
- बांकीपुर 170
- कंकड़बाग 170
- अजीमाबाद 147
- न्यू कैपिटल 13
- पटना सिटी 5
कई आवेदन अलग-अलग चरणों में अटके
नगर निगम के अनुसार, अधिकांश आवेदन अभी भी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में हैं. कई मामलों में नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि कुछ मामलों में आदेश पत्र अपलोड होने की प्रक्रिया जारी है. हालांकि पुराने मामलों का समय पर निपटारा नहीं होने से लंबित आवेदनों का बोझ लगातार बढ़ रहा है.
नगर निगम के समक्ष चुनौती
नगर निगम प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती पुराने लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करना है. यदि पुराने मामलों का समाधान तेज नहीं हुआ तो नए आवेदनों की संख्या बढ़ने से म्यूटेशन प्रक्रिया पर और दबाव पड़ सकता है.
Also Read : पटना के न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी में महिला से चेन स्नैचिंग, विरोध करने पर 13 साल के बेटे को लात मारकर गिराया
