सरकारी स्कूल के क्लास रूम में खर्राटा मारते नजर आए गुरूजी, वीडियो हुआ वायरल तो कहा- तबीयत खराब थी

बिहार के हाजीपुर में एक सरकारी स्कूल के टीचर क्लास रूम में कपड़ा उतार कर सो गए. खर्राटा भरते गुरूजी का जब वीडियो वायरल हुआ तो उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत खराब हो गयी थी इसलिए स्कूल में भी सो गए.

बिहार के सरकारी स्कूलों में टीचरों के अलग-अलग कारनामों की वीडियो अक्सर वायरल होता रहता है. अब हाजीपुर के एक सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें गुरूजी क्लास रूम में शर्ट उतार कर सो रहे थे. उनका क्लास रूम में खर्राटा मारते वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से ‍वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि ये वीडियो 25 जुलाई का है. वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी शिक्षक से प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मंजू कुमारी ने स्पष्टीकरण मांगा. इसके जवाब में शिक्षक ने कहा कि उनकी तबीयत खराब हो गयी थी। इसलिए वो स्कूल में आराम कर रहे थे.

डेस्क पर शर्ट उतार सो रहे थे शिक्षक

बताया जा रहा है कि ये वीडियो देसरी प्रखंड के भीखनपुरा मध्य विद्यालय का बताया जा रहा है. खर्राटा मार रहे गुरु जी की पहचान मिथिलेश कुमार के रूप में की गई है. वे बड़े आराम से अपने कपड़े उतारकर डेस्क पर सो रहे थे, उनका किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वहीं वीडियो को लेकर जब शिक्षक से पूछताछ की गयी तो पल्ला झाड़ लिया. उन्होंने कहा कि वीडियो की जानकारी उन्हें नहीं है. उनकी तबीयत खराब थी तो लंच ब्रेक में सो गए थे.

गंदगी में खाना खाते दिखे बच्चे

वीडियो में स्कूल में बच्चे मीड डे मील का खाना गंदगी में खाते हुए भी दिख रहे हैं. बच्चों की हाथ में प्लेट है और जमीन पर गंदगी पसरी हुई है. स्कूल की प्राचार्या फूल कुमारी ने शिक्षक का बचाव करते हुए कहा कि शिक्षक की तबीयत खराब थी. इसलिए वो लंच में लेट गए थे. इस दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया.

पहले भी सामने आए हैं कई मामले

बिहार के सरकारी स्कूल का ये पहला मामला नहीं है जब किसी टीचर के अजीब कारनामा उजागर हुए हो. इससे पहले कटिहार जिले से एक मामला सामने आया था, जहां महिला प्रिंसिपल के जगह उनके पति ड्यूटी करते थे. हालांकि बाद में महिला प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया गया।

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >