पटना से नीतीश सिंह की रिपोर्ट Patna Cyber Crime : राजधानी पटना में साइबर अपराधियों ने दो अलग-अलग मामलों में लोगों को निशाना बनाते हुए कुल 18.35 लाख रुपये की ठगी कर ली. एक मामले में महिला के खाते से 11.35 लाख रुपये निकाल लिए गए, जबकि दूसरे मामले में पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर 7 लाख रुपये की निकासी कर ली गई. दोनों पीड़ितों ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
महिला के खाते से 11.35 लाख रुपये की निकासी
रिंकी देवी, जो मूल रूप से कटिहार जिले के कोढ़ा की रहने वाली हैं और वर्तमान में पटना के रूकनपुरा में रहती हैं, ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने का संदेश मिला. पीड़िता के अनुसार उन्होंने केवल अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के साथ बैंक खाता संख्या और ओटीपी साझा किया था. इसके बाद उनके खाते से 11.35 लाख रुपये की निकासी कर ली गई.
पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर 7 लाख की ठगी
दूसरे मामले में न्यू महावीर कॉलोनी निवासी नागेंद्र नाथ को साइबर ठगों ने पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा दिया. पीड़ित ने बताया कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें पेंशन कार्ड बनाने की बात कही गई. कॉल करने वाले ने केवल मोबाइल में तीन डॉट (Three Dots) पर क्लिक करने के लिए कहा. इसके कुछ ही देर बाद उनके खाते से 7 लाख रुपये निकल गए.
बिना बैंक विवरण साझा किए भी हुई ठगी
नागेंद्र नाथ का कहना है कि उन्होंने न तो कोई ओटीपी साझा किया और न ही बैंक खाते की कोई गोपनीय जानकारी दी. इसके बावजूद उनके खाते से रकम निकल गई. घटना के बाद उन्होंने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या स्क्रीन शेयरिंग के झांसे में न आएं और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें.
